चीन में भीख मांग रहा रोबोट, इंटरनेट पर छाया वीडियो
चीन की एक सड़क पर एक ह्यूमनॉइड रोबोट के भीख मांगने का वीडियो इंटरनेट पर खूब वायरल हो रहा है। इस वीडियो में रोबोट घुटनों के बल बैठकर, हाथ हिलाकर और दान के लिए QR कोड का इस्तेमाल करते हुए दिख रहा है।
इस घटना ने हमारी रोजमर्रा की जिंदगी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की भूमिका पर एक नई बहस छेड़ दी है। ऑनलाइन हर तरफ यह वीडियो छाया हुआ है और इसे लेकर लोगों की राय बंटी हुई है। कुछ लोग इसे देखकर हंस रहे हैं तो वहीं कुछ लोग इस बात को लेकर थोड़े परेशान या असहज हैं कि रोबोट सार्वजनिक जगहों पर इतनी तेजी से दिखाई देने लगे हैं।
रोबोट को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रिया
कुछ लोगों ने मजाक में कहा, 'ह्यूमनॉइड से कोई नौकरी सुरक्षित नहीं है, AI रोबोट तो अब सड़कों पर पैसे मांगने लग गए हैं।' दूसरी ओर, कुछ लोग इस पूरे वाकये को AI से चलने वाले भविष्य की एक झलक के तौर पर देख रहे हैं।
अभी तक यह साफ नहीं है कि यह कोई कला प्रोजेक्ट था या सामाजिक प्रयोग, लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि एक बात बिल्कुल साफ है कि चीन सस्ते ह्यूमनॉइड रोबोट बनाने में सबसे आगे है, जो असली दुनिया के कामों में भी इस्तेमाल हो सकें। ऐसे में, जल्द ही ऐसे नजारे आम हो सकते हैं।