आसमान में 31 मई को चमकेगा दुर्लभ ब्लू माइक्रो-मून
खगोलीय घटनाएं देखने के शौकीनों को 31 मई को आसमान में एक बेहद खास नजारा देखने को मिलेगा। इस दिन, जो ब्लू मून दिखेगा, वह एक माइक्रो-मून भी होगा। दरअसल, ब्लू मून उस पूर्णिमा को कहते हैं, जो किसी एक महीने में दूसरी बार आती है और ऐसा मौका कई सालों में एक बार ही आता है।
इस बार पूर्णिमा का चांद थोड़ा छोटा दिखेगा, क्योंकि अपनी कक्षा में वह पृथ्वी से सबसे दूर बिंदु पर होगा, जिसे 'अपोजी' कहा जाता है। इसी दूरी की वजह से इसे माइक्रो-मून भी कहते हैं।
पिछला बार अक्टूबर, 2020 में आया था नजर
ऐसा ही नजारा आखिरी बार अक्टूबर, 2020 में दिखा था। इस बार 31 मई को यह ब्लू माइक्रो-मून पूरे भारत में दिखाई देगा, बस इसके लिए साफ आसमान का होना जरूरी है।
शुरुआत में जब चंद्रमा क्षितिज पर होगा तो वह नारंगी रंग का दिख सकता है, लेकिन जैसे-जैसे वह ऊपर आएगा उसका रंग चमकीला सफेद हो जाएगा।
हालांकि, खुली आंखों से देखने पर इसके आकार में शायद ही कोई खास अंतर महसूस हो, फिर भी देर रात आसमान में चांद निहारने यादगार तस्वीरें लेने का यह शानदार मौका है।