हार्ट अटैक-स्ट्रोक के पीछे ये हैं 4 वजह, अध्ययन में हुआ खुलासा
एक नए अध्ययन से यह सामने आया है कि दिल का दौरा और स्ट्रोक के करीब 99 फीसदी मामले 4 मुख्य वजहों से जुड़े होते हैं। ये 4 वजह- हाई ब्लड प्रेशर, हाई कोलेस्ट्रॉल, हाई ब्लड शुगर और धूम्रपान हैं।
शोधकर्ताओं ने दक्षिण कोरिया और अमेरिका के 90 लाख से ज्यादा लोगों के स्वास्थ्य डाटा का विश्लेषण किया। इसमें 99 फीसदी से ज्यादा मामलों में यही जोखिम कारक मौजूद पाए गए।
ब्लड प्रेशर बना सबसे बड़ा खतरा
ब्लड प्रेशर इनमें सबसे प्रमुख कारण बनकर सामने आया। दक्षिण कोरिया में 95 फीसदी से ज्यादा और अमेरिका में 93 फीसदी से ज्यादा मामलों में यही वजह थी।
हाई कोलेस्ट्रॉल और हाई ब्लड शुगर भी आम जोखिम थे।, वहीं धूम्रपान ने नसों को नुकसान पहुंचाकर स्थिति को और गंभीर बना दिया। 60 साल से कम उम्र की महिलाएं भी इन जोखिमों से अछूती नहीं रहीं। ज्यादातर में इनमें से कम से कम एक जोखिम पाया गया।
इस अध्ययन से साफ हुआ है कि ये सभी जोखिम समय-समय पर चेकअप और जीवनशैली में थोड़े बदलाव करके नियंत्रित किए जा सकते हैं। इसलिए, कोई बड़ी समस्या आने से पहले ही अपनी जांच करवा लेना समझदारी है।