LOADING...
व्हाट्सऐप पर 96 प्रतिशत यूजर्स को रोजाना आते हैं स्पैम मैसेज- सर्वे
व्हाट्सऐप पर यूजर्स को रोजाना आता है स्पैम मैसेज

व्हाट्सऐप पर 96 प्रतिशत यूजर्स को रोजाना आते हैं स्पैम मैसेज- सर्वे

Feb 04, 2026
03:17 pm

क्या है खबर?

मेटा के स्वामित्व वाली व्हाट्सऐप दुनिया में सबसे अधिक उपयोग होने वाला इंस्टेंट मैसेजिंग ऐप है। भारत में भी लगभग सभी स्मार्टफोन यूजर्स बात करने के लिए इस मैसेजिंग प्लेटफॉर्म का उपयोग करते हैं। इसी वजह से साइबर जालसाजी भी लोगों को इसी प्लेटफॉर्म के जरिए अपना शिकार बनाते हैं। एक सर्वे में सामने आया है कि बड़ी संख्या में यूजर्स को रोज अनचाहे और परेशान करने वाले मैसेज मिलते हैं, जिससे लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है।

यूजर्स

लगभग हर यूजर को रोज मिल रहा स्पैम

लोकल सर्कल्स के मुताबिक, करीब 96 प्रतिशत व्हाट्सऐप यूजर्स ने बताया कि उन्हें हर दिन स्पैम या प्रमोशनल मैसेज मिलते हैं। सिर्फ 4 प्रतिशत लोगों ने कहा कि उन्हें ऐसे मैसेज नहीं आते। आधे से ज्यादा यूजर्स को रोज 1 से 3 स्पैम मैसेज मिलते हैं, जबकि कई लोगों को 4 से 7 तक मैसेज आते हैं। कुछ यूजर्स ने बताया कि उन्हें रोज 8 या उससे ज्यादा अनचाहे मैसेज झेलने पड़ते हैं, जो बड़ी समस्या बन चुकी है।

मैसेज

कहां से आते हैं ये अनचाहे मैसेज?

रिपोर्ट में बताया गया है कि अधिकतर स्पैम मैसेज व्हाट्सऐप बिजनेस अकाउंट से भेजे जाते हैं। इन मैसेजेस में रियल एस्टेट, फाइनेंशियल सर्विस, हेल्थकेयर, नौकरी और कमाई के ऑफर जैसे विज्ञापन होते हैं। कई यूजर्स को ऑनलाइन गेमिंग, ब्यूटी सर्विस और मोबाइल ऑफर से जुड़े मैसेज भी मिलते हैं। इस बीच सुप्रीम कोर्ट ने भी व्हाट्सऐप की डाटा नीति पर सवाल उठाते हुए नागरिकों की निजता की सुरक्षा पर चिंता जताई है।

Advertisement

उपाय

यूजर्स खुद कर रहे हैं बचाव के उपाय

स्पैम से परेशान यूजर्स अब खुद ही समाधान ढूंढ रहे हैं। सर्वे में शामिल 59 प्रतिशत लोगों ने बताया कि वे ऐसे नंबरों को तुरंत ब्लॉक कर देते हैं। कई लोग इन मैसेज को अनदेखा कर देते हैं, जबकि कुछ यूजर्स नंबर को म्यूट कर देते हैं। हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि सिर्फ ब्लॉक करना काफी नहीं है। प्लेटफॉर्म को भी सख्त कदम उठाने होंगे, ताकि यूजर्स को बार-बार ऐसे अनचाहे संदेशों से परेशान न होना पड़े।

Advertisement