हैदराबाद में हुए एक खास प्रोग्राम में 38 IT पेशेवरों ने केवल 35 मिनट में 57 काम करने वाले आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एजेंट्स बना दिए। सबसे कमाल की बात यह थी कि इसके लिए न तो किसी को कोडिंग करनी पड़ी, न ही लैपटॉप की जरूरत पड़ी, बल्कि यह सब केवल व्हाट्सऐप के जरिए संभव हुआ।
फ्यूचर प्रूफ इंडिया के एक चैटबॉट का इस्तेमाल करते हुए उन्होंने बस उन कामों के बारे में बताया, जिन्हें वे ऑटोमैटिक करवाना चाहते थे।
देखते ही देखते उनके आइडिया असल AI टूल में बदल गए। औसतन हर एक AI एजेंट लगभग 43 सेकेंड में तैयार होकर काम करने लगा।
बैंकिंग और HR ने बनाए एजेंट्स
यह प्रयोग साफ दिखाता है कि उपयोगी AI बनाने के लिए आपको प्रोग्रामर होना जरूरी नहीं है। बैंकिंग और HR जैसे अलग-अलग क्षेत्रों से आए लोगों ने भी इस बॉट से बातचीत करके 'लोन प्री-स्क्रीनर' और 'पेरोल वैरिएंस एक्सप्लेनर' जैसे एजेंट्स तैयार कर दिए। यह AI को उन सभी लोगों के लिए आसान बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है, जिनके पास कोई बढ़िया आइडिया है, न कि केवल तकनीकी जानकारी रखने वाले लोगों के लिए।