योगी आदित्यनाथ बोले- SIR में 1.27 करोड़ हिंदुओं के नाम कटे, मुस्लिम 1.65 प्रतिशत बढ़े
क्या है खबर?
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनावों से पहले मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर एक नया विवाद छिड़ गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया कि SIR के बाद उत्तर प्रदेश की मतदाता सूची में मुस्लिम मतदाताओं की संख्या 1.65 प्रतिशत बढ़ गई है, जबकि लगभग 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम कट गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस वजह से अखिलेश यादव SIR वापस लेने की मांग नहीं करेंगे, क्योंकि मुस्लिम मतदाता बढ़ गए।
बयान
योगी बोले- सरकारी योजना के लाभार्थी 55 लाख मतदाता भी गायब
आज तक के एक कार्यक्रम में योगी ने कहा, "मैं 1.27 करोड़ उन हिंदू मतदाताओं की बात कर रहा हूं, जिनके नाम सूची में नहीं हैं। 66 लाख के करीब मतदाता ऐसे हैं, जिनके नाम पंचायत चुनाव की सूची में हैं। इसी तरह 55 लाख लोग ऐसे हैं, जो सरकारी योजनाओं का लाभ ले रहे हैं, लेकिन मतदाता सूची से बाहर हैं। 18 से 19 साल के ऐसे 4.50 लाख मतदाता ऐसे हैं, जिनके नाम मतदाता सूची से गायब हैं।"
अखिलेश का बयान
योगी के बयान के बाद अखिलेश ने रखी 3 मांगें
योगी के बयान पर समाजवादी पार्टी (SP) के प्रमुख अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया भी सामने आई है।
उन्होंने कहा, 'चुनाव को लेकर सीधी-सरल मांग हैं। आधार कार्ड को वोटिंग से जोड़ा जाए। कागज या प्लास्टिक की जगह 'मेटल कार्ड' बनाए जाएं जिससे नकली न बन सकें। उंगलियों के निशान या आंख से होनेवाली बायोमेट्रिक्स पहचान को अपनाया जाए, क्योंकि ये किसी 2 व्यक्ति के समान नहीं होते हैं, इसीलिए भाजपा नकली वोटिंग नहीं करा पायेगी।'