Loading...
उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री पद को लेकर भाजपा में विरोधाभास, मौर्य के बयान पर योगी का पलटवार
केशव प्रसाद मौर्य के बयान पर योगी आदित्यनाथ का पलटवार

उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री पद को लेकर भाजपा में विरोधाभास, मौर्य के बयान पर योगी का पलटवार

लेखन गजेंद्र
Nov 25, 2026
05:44 pm

क्या है खबर?

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा में मुख्यमंत्री पद को लेकर विरोधाभास दिखने लगा है। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कुछ दिन पहले और बुधवार को दोहराया कि चुनाव में 'कमल' भाजपा का चेहरा और मुख्यमंत्री का चुनाव जीतने वाले विधायक करते हैं। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक कार्यक्रम में अपरोक्ष रूप से उनको जवाब दिया कि सब जानते हैं कि मुख्यमंत्री का चेहरा कौन है।

टकराव

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने क्या कहा?

ABP न्यूज के कार्यक्रम की संचालक ने मुख्यमंत्री योगी से पूछा कि परसो केशव प्रसाद से पूछा गया कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री का चेहरा कौन है, जिस पर उन्होंने जवाब दिया, "कमल का फूल।"

योगी ने जवाब दिया, "कमल के फूल पर हर व्यक्ति को चुनाव लड़ना है। मैं भी कमल के फूल पर ही चुनाव लड़ूंगा। कमल का फूल हमारे लिए सबकुछ है। और कौन है कौन नहीं, ये सर्व विख्यात है, सर्वज्ञात है, हर व्यक्ति जानता है।"

बयान

केशव प्रसाद मौर्य ने क्या कहा था?

जौनपुर में पत्रकारों ने केशव से मुख्यमंत्री के चेहरे पर सवाल पूछा, तो उन्होंने कहा, "चुनाव के दौरान, भाजपा का चेहरा 'कमल' होता है। चुनाव खत्म होने और विधायक चुने जाने के बाद, वे बैठक करते हैं। केंद्रीय पर्यवेक्षक उस बैठक में बनी आम सहमति के आधार पर एक नेता चुनता है। अभी हमारे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हैं। वे मुख्यमंत्री रहेंगे या कोई और यह जिम्मेदारी संभालेगा, यह तय करना मेरा काम नहीं, यह उस समय चुने गए विधायक करेंगे।"

ADVERTISEMENT

ट्विटर पोस्ट

केशव प्रसाद मौर्य का जवाब

ADVERTISEMENT

ट्विटर पोस्ट

योगी आदित्यनाथ का पलटवार

टकराव

मुख्यमंत्री पद को लेकर भाजपा नहीं दे रही साफ जवाब

उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ को खुले तौर पर मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित करने से भाजपा बच रही है। यह संकेत केंद्रीय नेतृत्व में भी दिखा है।

इस महीने मथुरा आए भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने 2 दिवसीय पार्टी बैठक में कार्यकर्ताओं को जीत का आधार बताया, लेकिन योगी पर बयान नहीं दिया।

अमित शाह ने लखनऊ में भाजपा कार्यकारिणी की बैठक में कहा कि भाजपा फिर सरकार बनाएगी, लेकिन ये नहीं कहा कि योगी के नेतृत्व में सरकार बनाएगी।

टकराव

पिछले चुनाव में लिया गया था योगी का नाम

वर्ष 2017 का चुनाव भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता के सहारे बिना किसी चेहरे के लड़ा था और 312 सीटें जीती।

इसके बाद 2022 के चुनाव में प्रधानमंत्री मोदी और शाह समेत केंद्रीय नेतृत्व ने हर मंच से योगी को मुख्यमंत्री का चेहरा बताया था। उस समय 255 सीटें आई।

इस बार न तो शाह और न ही कोई अन्य नेता योगी का खुलकर नाम ले रहा है। इससे असमंजस और विरोधाभास की स्थिति है।

कारण

योगी का नाम लेने से पीछे क्यों हट रही भाजपा?

लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा को उत्तर प्रदेश में काफी नुकसान उठाना पड़ा था। 2014 के चुनाव में जीती 80 में से 71 सीटों के बाद 2022 के चुनाव में पार्टी सीधे 33 सीटों पर आ गई है।

इन नतीजों के बाद भाजपा अपने कदम सोच-समझकर बढ़ा रही है। इसके पीछे सत्ता-विरोधी लहर और जातिगत संतुलन भी बताया जा रहा है।

उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की पिछड़ा-दलित-अल्पसंख्यक (PDA) का मुकाबला भाजपा सिर्फ योगी के नाम से नहीं करना चाहती।

पहचान

केशव प्रसाद मौर्य कौन हैं?

केशव 1980 के दशक से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े थे। उन्होंने 1990 में कारसेवकों के जत्थे का नेतृत्व किया था।

वर्ष 2002 और 2007 में केशव हारे, लेकिन 2012 में सिराथू से पहले भाजपा विधायक बने। इसके बाद 2014 में फूलपुर से सांसद बने।

वे 2016 में उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष बने, लेकिन 2017 की प्रचंड जीत के बाद योगी को मुख्यमंत्री बनाया गया, वे उपमुख्यमंत्री बने।

2022 में वे सिराथू से हारे, लेकिन उपमुख्यमंत्री बने रहे।

ADVERTISEMENT