Page Loader
क्या पंजाब में बदला जाएगा मुख्यमंत्री? जानिए बैठक के बाद क्या बोले भगवंत मान
पंजाब का मुख्यमंत्री बदलने पर भगवंत मान ने दिया सीधा जवाब

क्या पंजाब में बदला जाएगा मुख्यमंत्री? जानिए बैठक के बाद क्या बोले भगवंत मान

Feb 11, 2025
02:19 pm

क्या है खबर?

आम आदमी पार्टी (AAP) संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली विधानसभा चुनावों की हार के बाद मंगलवार को कपूरथला हाउस में पंजाब के सभी 91 AAP विधायकों की बैठक ली। इसमें मुख्यमंत्री भगवंत मान, मनीष सिसोदिया सहित बड़े नेता मौजूद थे। बैठक के बाद मान ने मुख्यमंत्री बदले जाने का सवाल टाला और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए प्रताप सिंह बाजवा के पंजाब में AAP के 30 विधायकों के कांग्रेस के संपर्क में होने के दावे को खारिज कर दिया।

धन्यवाद

केजरीवाल ने पंजाब की AAP इकाई का दिया धन्यवाद- मान

बैठक के बाद मुख्यमंत्री मान ने कहा कि केजरीवाल और सिसोदिया ने दिल्ली चुनाव में योगदान के लिए पंजाब की AAP इकाई को धन्यवाद दिया है। उन्होंने आगे कहा, "पंजाब में AAP सरकार बुनियादी ढांचा और राज्य में टोल का बोझ कम करने की दिशा में काम कर रही है। हमें अपने काम में तेजी लानी होगी। दिल्ली में AAP ने जो काम किया है, वह पिछले 75 सालों में कभी नहीं हुआ। हार-जीत तो खेल का हिस्सा है।"

जानकारी

पंजाब में मुख्यमंत्री बदले जाने की संभावना पर क्या बोले मान?

मुख्यमंत्री मान ने पंजाब में नेतृत्व परिवर्तन के सवाल पर कहा, "विरोधी हैं, कुछ भी कह सकते हैं। उन्हें कहने दीजिए। मैं तो यही आश्वासन दे सकता हूं कि पंजाब सरकार महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये देने का अपना वादा भी पूरा करेगी।

योजना

हमें अपने काम पर ध्यान केंद्रित रखना होगा- मान

मुख्यमंत्री मान ने कहा, "हमें अपने काम पर ध्यान केंद्रित रखना होगा। हम साधारण पृष्ठभूमि से आए हैं और भविष्य में और अधिक काम करेंगे। बड़ी कंपनियों ने भी पंजाब में निवेश करना शुरू कर दिया है।" उन्होंने आगे कहा, "पंजाब में हमारी सरकार लोगों के हित में बहुत सारे काम कर रही है। हम धर्म की राजनीति नहीं करते हैं, हम अपने काम से जाने जाते हैं। हम ऐसा पंजाब मॉडल बनाएंगे जिसे पूरा देश देखेगा।"

निशाना

मुख्यमंत्री ने मान ने कांग्रेस नेता बाजवा पर बोला हमला

मुख्यमंत्री मान ने कहा, "पंजाब में कांग्रेस नेता बाजवा पिछले 3 सालों से यही दावा कर रहे हैं और वे यह दावा करते रह सकते हैं। वे कहते रहते हैं कि AAP के 30-40 विधायक कांग्रेस में जा रहे हैं। हालांकि, उन्हें यह गिनना चाहिए कि उनके अपने कितने विधायक दिल्ली चुनाव जीत सकते हैं।" उन्होंने आगे कहा, "पंजाब में पूरी AAP पार्टी और उसके नेता एकजुट हैं और राज्य के हित के लिए काम कर रहे हैं।"

ट्विटर पोस्ट

यहां देखें वीडियो

दावा

पार्टी के कामकाज के लिए बैठकें बहुत सामान्य बात- कांग

AAP सांसद मालविंदर कांग ने कहा, "पार्टी के कामकाज के लिए बैठकें बहुत सामान्य बात है। पार्टी के कामकाज को बेहतर बनाने और मौजूदा चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन का विश्लेषण करने के लिए अरविंद केजरीवाल ने हमेशा पार्टी का मार्गदर्शन किया है। AAP पार्टी पंजाब में मुख्यमंत्री मान और देश में केजरीवाल के नेतृत्व में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रतिबद्ध है।" बैठक से पहले कांग ने भविष्य की रणनीति के लिए फीडबैक लिए जाने की बात कही थी।

आरोप

मनजिंदर सिरसा ने लगाया था बड़ा आरोप

AAP की बैठक से पहले भाजपा विधायक मनजिंदर सिंह सिरसा ने एक्स पर कहा था, "दिल्ली चुनाव हारने के बाद अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के विधायकों की बैठक बुलाई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, केजरीवाल भगवंत मान को अयोग्य बताकर मुख्यमंत्री पद से हटाने की कोशिश कर रहे हैं। वह पंजाब की सभी विफलताओं को भगवंत मान पर मढ़ना चाहते हैं। वे AAP विधायकों से कहलवा रहे हैं कि केजरीवाल अच्छे आदमी हैं और उन्हें मुख्यमंत्री बनाना चाहिए!"

परिणाम

दिल्ली विधानसभा चुनाव का क्या रहा था परिणाम?

बता दें कि भाजपा ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में 70 विधानसभा सीटों में से 48 सीटें जीतकर बड़ी जीत हासिल की है। इसके उलट, AAP को भारी झटका लगा, उसे केवल 22 सीटें हासिल हुईं। साल 2020 के चुनावों में AAP को 62 सीटें हासिल हुई थी। हालांकि, ऐतिहासिक जनादेश के साथ भाजपा ने 27 साल बाद राष्ट्रीय राजधानी की सत्ता में वापसी कर ली है और AAP जीत की हैट्रिक बनाने से चूक गई।