चुनाव आयोग विवाद: चिराग बोले- ECI पक्ष रखे; भाजपा की सहयोगी पार्टियों का क्या है रुख?
क्या है खबर?
चुनाव आयोग में मतभेद की खबरों पर छिड़े सियासी घमासान के बीच भाजपा की सहयोगी पार्टियों से भी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। तेलुगु देशम पार्टी (TDP), लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) ने चुनाव आयोग से मुद्दे पर सामने आकर अपना पक्ष रखने की बात कही है। RLM के उपेंद्र कुशवाहा ने कहा, 'SIR से संबंधित विवाद पर जनता में काफी उलझन की स्थिति है। भ्रम दूर करने के लिए चुनाव आयोग द्वारा स्पष्टीकरण आना चाहिए।'
पासवान का बयान
चिराग ने कहा- लोग चुनावी प्रक्रिया पर शक करें, ये चिंताजनक
चिराग ने कहा, "अगर चुनाव आयोग पर ऐसे सवाल उठाए जा रहे हैं, तो मेरा मानना है कि चुनाव आयोग और खासकर मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) की यह जिम्मेदारी है कि वे मजबूती से अपना पक्ष रखें। मुझे इस बात की परवाह नहीं है कि विपक्ष क्या कहता है, क्योंकि राजनीति करना उनका काम है। अगर लोग चुनाव प्रक्रिया पर ही शक करने लगें, तो यह चिंता की बात है। उन्हें लोगों में मौजूद गलतफहमियों को दूर करना होगा।"
TDP
TDP बोली- पारदर्शिता से संस्था में जनता का भरोसा मजबूत होगा
TDP के लोकसभा फ्लोर लीडर लावू श्रीकृष्ण देवरायालु ने इंडियन एक्सप्रेस से कहा कि आंध्र प्रदेश में SIR 'पारदर्शी तरीके से' किया गया था।
हालांकि, उन्होंने ये भी कहा, "भारत का चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है, जिस पर हमारे लोकतंत्र में एक अहम जिम्मेदारी है। इसलिए, जब भी कोई सवाल उठाए, तो सही स्पष्टीकरण देने और पारदर्शिता बनाए रखने से ही संस्था में जनता का भरोसा मजबूत होगा।"
JDU
JDU बोली- कांग्रेस केवल एक रिपोर्ट पर हंगामा कर रही
जनता दल यूनाइटेड (JDU) के प्रवक्ता राजीव रंजन ने कहा कि कांग्रेस एक मीडिया रिपोर्ट को लेकर पूरे देश में हंगामा मचा रही है जबकि उन्हें अपनी हार के कारणों की समीक्षा करनी चाहिए।
उन्होंने कहा, "उन्होंने आगे कहा, "सुप्रीम कोर्ट ने भी SIR पर मुहर लगाई है। वह चुनाव आयोग का दायित्व है। आयोग एक संवैधानिक संस्था है और ऐसी संस्थाओं पर हमला करना कांग्रेस की परंपरा रही है। कांग्रेस पार्टी को सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए।"