तृणमूल कांग्रेस की सांसद काकोली घोष ने पार्टी में सभी पदों से इस्तीफा दिया
क्या है खबर?
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव हारने के बाद ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (TMC) बड़े राजनीतिक संकट से गुजर रही है। बुधवार को लोकसभा सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने पार्टी के सभी संगठनात्मक पदों से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने TMC के राज्य अध्यक्ष सुब्रता बख्शी को लिखे पत्र में कहा कि वह गहरे मानसिक संघर्ष और लंबे चिंतन के बाद पद छोड़ रही हैं। काकोली TMC प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री ममता की वफादार नेता बताई जाती हैं।
राजनीति
पार्टी नहीं छोड़ेंगी काकोली
बारासात से सांसद काकोली ने अपना इस्तीफा भेजने के बाद कहा कि वह पार्टी नहीं छोड़ रही हैं। वह बंगाल और यहां की जनता के हित में एक आम कार्यकर्ता के रूप में पार्टी से जुड़ी रहेंगी। बता दें कि वरिष्ठ नेता ने इस्तीफा देने से ठीक एक दिन पहले, कल्याणी में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित एक प्रशासनिक बैठक में भाग लिया था। पार्टी ने उन्हें ऐसा करने से अनौपचारिक रूप से मना किया था।
इस्तीफा
पार्टी के कामकाज पर उठाया सवाल
काकोली ने अपने इस्तीफे में पार्टी के कामकाज पर सवाल उठाया और चिंता जताई। उन्होंने आरजी कर रेप और हत्या मामले पर भी अपनी राय दी। उन्होंने लिखा कि आरजी कार मेडिकल कॉलेज में प्रशिक्षु डॉक्टर की मौत से जुड़ी घटना को दबाने के कथित प्रयासों ने समाज को बहुत परेशान किया है और उन्हें नैतिक रूप से प्रभावित किया है। उन्होंने पार्टी के चुनाव रणनीति और सलाहकार समूह I-PAC के बढ़ते प्रभाव की भी आलोचना की।