पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव: सुवेंदु अधिकारी से TMC कार्यकर्ताओं की झड़प, हुगली में भिड़े TMC-लेफ्ट समर्थक
क्या है खबर?
पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के विधानसभा चुनाव के दौरान कई जगहों से हिंसा की खबर आ रही है। दक्षिण 24 परगना जिले में भाजपा प्रत्याशी विकास सरदार की कार पर हमला हुआ है। उनकी कार के शीशे तोड़ दिए गए और सुरक्षाकर्मी के साथ भी छीनाझपटी हुई। हुगली जिले के खानकुल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) और लेफ्ट पार्टी ISF समर्थकों के बीच मारपीट हो गई। कई जगह पर EVM खराब होने की भी खबरें हैं।
आरजी कर
TMC कार्यकर्ताओं ने आरजी कर पीड़िता की मां को घेरा
TMC कार्यकर्ताओं ने आरजी कर बलात्कार पीड़िता की मां और भाजपा प्रत्याशी रत्ना देबनाथ को घेर लिया। इस दौरान सुरक्षाकर्मियों ने स्थिति को संभाला। पीड़िता के पिता ने कहा, "जब हम रास्ते से गुजर रहे थे, तब TMC गुंडे मोटरसाइकिल पर थे। उन्होंने हम पर नारेबाजी भी की और भी कई गुंडों को बुला लिया और हम पर हमला करने की कोशिश की। पुलिस ने उन्हें नहीं हटाया, बल्कि हमें ही जगह छोड़ने को कहा।"
बटन
EVM में भाजपा के बटन पर टेप लगाने का आरोप
भाजपा ने आरोप लगाया है कि डायमंड हार्बर के फाल्टा में EVM में भाजपा का बटन टेप लगाकर छिपाया गया है। यहां से भाजपा उम्मीदवार देबांशु पांडा ने ये आरोप लगाया है। खबर सामने आने के बाद चुनाव आयोग ने कहा कि अगर शिकायत सही पाई गई तो फिर से मतदान कराया जाएगा। यहां के बेलसिंघा स्थित 186 नंबर बूथ पर सुरक्षाबलों ने लाठीचार्ज किया है। बताया जा रहा है कि भीड़ को हटाने के लिए लाठीचार्ज किया गया।
ट्विटर पोस्ट
हुगली में भिड़े पार्टी कार्यकर्ता
VIDEO | West Bengal Election 2026: A clash broke out between TMC and ISF supporters as tensions erupted at Booth No. 147 in Ramchandrapur under Rajhati-1 Panchayat in Khanakul in Hooghly District, over allegations of appointing fake polling agents. #AssemblyPollsWithPTI… pic.twitter.com/u2JlxmyKL3
— Press Trust of India (@PTI_News) April 29, 2026
भवानीपुर
भवानीपुर में सुवेंदु अधिकारी से भिड़े TMC कार्यकर्ता
भवानीपुर के वार्ड नंबर 73 में बूथ संख्या 217 और 218 के पास भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी की TMC कार्यकर्ताओं से झड़प हो गई। यहां TMC समर्थकों ने जय बांग्ला और चोर जैसे नारे लगाए, जवाब में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जय श्री राम के नारे लगाए। इसके बाद सुरक्षाबलों ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया। बता दें कि भवानीपुर से सुवेंदु का मुकाबला मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से है।
प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री ने कहा- बंगाल में लोग बिना डरे मतदान कर रहे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "पहले चरण की तरह इस बार भी लोग भारी संख्या में अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए बाहर निकल रहे हैं। सोशल मीडिया पर लंबी कतारों की तस्वीरें सामने आ रही हैं। बंगाल में मतदान एक निर्भीक माहौल में हो रहा है, जो पिछले 6-7 दशकों में कल्पना से परे था। लोग बिना किसी डर के मतदान कर रहे हैं। यह देश के संविधान और मजबूत होती लोकतांत्रिक व्यवस्था का एक सकारात्मक प्रतीक है।"
हिंसा
इन जगहों से भी हिंसा की खबरें
श्यामपुकुर विधानसभा क्षेत्र में बूथ नंबर 100 और 101 पर भाजपा उम्मीदवार पूर्णिमा चक्रवर्ती के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान तनावपूर्ण स्थिति हो गई। पानीहाटी में भाजपा उम्मीदवार रत्ना देबनाथ ने आरोप लगाया कि उन पर TMC के कार्यकर्ताओं ने हमला किया। बीजपुर में निर्दलीय प्रत्याशी और पार्षद के बीच मारपीट हुई। डायमंड हार्बर के रायनगर में एक युवक को नकली वोट डालने की कोशिश करते हुए पकड़ लिया गया।
EVM
कई जगहों पर EVM में गड़बड़ी
बैरकपुर के इचापुर में एक बूथ पर लोगों ने EVM खराब होने की शिकायत की। लोग यहां सुबह 6 बजे से 10:30 बजे तक खड़े रहे। बारानगर में भी EVM में खराबी की वजह से कुछ देर के लिए मतदान रोका गया। राजरहाट-गोपालपुर में पंचनंतला, घोषपारा, केस्टोपुर और चंदीबेरिया नवजागरण क्लब में EVM में गड़बड़ी की खबर सामने आई है। हावड़ा में EVM में गड़बड़ी के बाद खूब हंगामा हुआ। सुरक्षाबलों ने लोगों को हटाया।