पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026: दूसरे चरण में रिकॉर्ड 91 प्रतिशत मतदान
क्या है खबर?
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के तहत दूसरे चरण में भी रिकॉर्ड तोड़ मतदान हुआ है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, शाम 6 बजे तक रिकॉर्ड 91.31 प्रतिशत मतदान हो चुका है। अभी अंतिम आंकड़े आना बाकी हैं। यानी ये आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है। दूसरे चरण में राज्य की 142 सीटों पर मतदान हो रहा है। पहले चरण में भी वोटिंग ने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए थे।
मतदान
कहां-कहां कितना मतदान?
आयोग के मुताबिक, हुगली में 91.41 प्रतिशत, नादिया में 91.35 प्रतिशत, उत्तर 24 परगना में 91.39 प्रतिशत और हावड़ा में 90.93 प्रतिशत मतदान हुआ है। इसके अलावा कोलकाता उत्तर में 88.91 प्रतिशत, कोलकाता दक्षिण में 87.25 प्रतिशत, पूर्व बर्धमान में 93.39 प्रतिशत और दक्षिण 24 परगना में 91.45 प्रतिशत वोट डले। इस दौरान कई जिलों के बूथों में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के खराब होने की शिकायत मिलती रही। हालांकि, मतदाताओं का जोश कम नहीं हुआ।
जानकारी
मुख्य चुनाव आयुक्त ने रिकॉर्ड मतदान की सराहना की
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा, "आजादी के बाद से पश्चिम बंगाल में पहले और दूसरे, दोनों चरणों में अब तक का सबसे ज्यादा मतदान प्रतिशत दर्ज किया गया है; चुनाव का पर्व, पश्चिम बंगाल का गर्व।"
चुनाव
मैदान में 1,448 उम्मीदवार
दूसरे चरण में कुल 1,448 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 1,228 पुरुष और 220 महिला उम्मीदवार हैं। इस चरण में कुल 3.21 करोड़ मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 1.64 करोड़ पुरुष और 1.57 करोड़ महिला मतदाता हैं। इस बार 18-19 साल के 4.12 लाख नए मतदाता भी पहली बार वोट डालेंगे। 1.96 लाख मतदाताओं की उम्र 85 साल से अधिक है, जबकि 3,243 मतदाता 100 साल से अधिक के है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सीट भबानीपुर भी इसी चरण में है।