विष्णुदेव साय होंगे छत्तीसगढ़ के अगले मुख्यमंत्री, कई बड़े नामों को पछाड़ा
क्या है खबर?
विष्णुदेव साय छत्तीसगढ़ के अगले मुख्यमंत्री होंगे। चुनाव परिणामों के बाद करीब एक हफ्ते तक चली उठापटक के बाद भाजपा हाईकमान ने उनके नाम पर मुहर लगा दी है।
आदिवारी नेता साय कुनकुरी विधानसभा से विधायक चुने गए हैं। वो भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रहने के साथ-साथ विधायक और केंद्र में मंत्री भी रह चुके हैं।
उन्हें संघ और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह का करीबी माना जाता है।
चुनाव
साय ने 20,000 से अधिक वोटों से जीता था चुनाव
इस चुनाव में साय ने छत्तीसगढ़ की कुनकुरी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा।
उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार यूडी मिंज को 20,000 से अधिक वोटों के अंतर के हराया था। साय को 87,604 और मिंज को 62,063 वोट मिले थे।
साय प्रभावशाली साहू (तेली) समुदाय से आते हैं, जिनकी दुर्ग, रायपुर और बिलासपुर संभागों में बड़ी उपस्थिति है। वह 3 बार सांसद, 2 बार विधायक, केंद्रीय राज्य मंत्री और कुछ समय तक प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भी रहे हैं।
दावेदार
साय ने किन-किन दावेदारों को पछाड़ा?
छत्तीसगढ़ चुनाव परिणाम आने के बाद से कई बड़े नाम मुख्यमंत्री की रेस में थे, जिन्हें साय ने पछाड़ दिया।
इनमें पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह, सरोज पांडे, प्रदेश अध्यक्ष अरुण कुमार साव, नेता प्रतिपक्ष धर्मलाल कौशिक और पूर्व प्रशासनिक अधिकारी ओपी चौधरी का नाम शामिल था।
इनके अलावा रेणुका सिंह, राज्य के पूर्व मंत्री रामविचार नेताम, लता उसेंडी, गोमती साव का नाम भी मुख्यमंत्री पद के लिए चर्चाओं में बना हुआ था।
जानकारी
मुख्यमंत्री बनने पर क्या बोले साय?
साय ने कहा, "मैं ईमानदारी से सबके विश्वास के लिए काम करुंगा। मोदी की गारंटी के तहत छत्तीसगढ़ के लोगों से किए गए वादे पूरे किए जाएंगे। राज्य के मुख्यमंत्री के तौर पर हमारा पहला लोगों को 18 लाख आवास देना होगा।"
बयान
कब होगा शपथ ग्रहण समारोह?
विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद साय ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल से मुलाकात की है।
इस मौके पर भाजपा के विधायक ब्रजमोहन अग्रवाल ने कहा, "हमने राज्यपाल को पत्र सौंपा है कि हमने सर्वसम्मति से विष्णुदेव साय को विधायक दल का नेता चुना है। केंद्रीय नेतृत्व अब पद ग्रहण समारोह की तारीख और उप मुख्यमंत्री की नियुक्ति का फैसला करेगा।"
ऐसी खबरें हैं कि भाजपा छत्तीसगढ़ में 2 उप मुख्यमंत्री बना सकती है।
रमन सिंह
पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने क्या कहा?
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने कुनकुरी विधायक और आदिवासी नेता साय को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुने जाने पर शुभकामनाएं दी हैं।
उन्होंने कहा, "मुझे विश्वास है कि आपके नेतृत्व में हम सभी पूर्ण निष्ठा से भाजपा के संकल्प पत्र (मोदी की गारंटी) के वादों को पूरा करते हुए प्रदेश में प्रगतिशील परिवर्तन लाने में सफल होंगे। साथ ही डबल इंजन की सरकार में छत्तीसगढ़ दोगुनी रफ्तार से विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेगी।"
बधाई
साय को मुख्यमंत्री बनाए जाने पर भाजपा नेताओं ने जताई खुशी
भाजपा नेता रेणुका सिंह ने साय को मुख्यमंत्री बनाने पर खुशी व्यक्त की है।
उन्होंने कहा, "मैं बहुत खुश हूं कि विष्णुदेव साय छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री होंगे। यह पहली बार है, जब आदिवासी समाज से एक किसान के परिवार से संबंध रखने वाले पार्टी कार्यकर्ता को मुख्यमंत्री के तौर पर चुना गया है।"
छत्तीसगढ़ भाजपा प्रभारी ओम माथुर ने कहा कि भाजपा ने एक अनुभवी और अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में मंत्री रहे कार्यकर्ता को चुना है।
नतीजे
क्या रहे थे छत्तीसगढ़ चुनाव के नतीजे?
भाजपा ने राज्य की 90 में से 54 सीटों पर जीत दर्ज की है, वहीं कांग्रेस महज 35 सीटें जीत पाई है। एक सीट गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के खाते में गई है।
कांग्रेस के लिए ये बड़ा झटका माना जा रहा है क्योंकि पार्टी यहां जीत को लेकर आश्वस्त थी।
छत्तीसगढ़ में पहले चरण में 7 नवंबर को 20 सीटों पर और 17 नवंबर को दूसरे चरण में बाकी 70 सीटों पर मतदान हुआ था।