Page Loader
फिर सुर्खियों में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री, बोले- अमेरिका ने भारत पर 200 साल राज किया

फिर सुर्खियों में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री, बोले- अमेरिका ने भारत पर 200 साल राज किया

Mar 22, 2021
09:58 am

क्या है खबर?

फटी जींस पर अपने बयान को लेकर विवादों में रहे उत्तराखंड के नए-नवेले मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत एक बार फिर से सुर्खियों में हैं। इस बार इसका कारण बना है उनका एक बयान जिसमें उन्होंने कहा कि अमेरिका ने भारत पर 200 साल राज किया था। रविवार को एक जनसभा में भारत और अमेरिका में कोरोना वायरस महामारी की स्थिति की तुलना करते हुए उन्होंने ये बात कही। उन्होंने महामारी की अच्छे से संभालने के लिए प्रधानमंत्री की तारीफ की।

बयान

प्रधानमंत्री मोदी ने होते तो देश कोरोना से बेहाल हो जाता- तीरथ रावत

नैनीताल जिले के रामनगर में आयोजित एक कार्यक्रम में बोलते हुए तीरथ सिंह रावत ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने अलख जगाई। मैं कह सकता हूं कि यदि उनकी जगह कोई और नेतृत्व होता तो भारत का न जाने क्या हाल होता, बेहाल हो जाते। लेकिन उन्होंने (मोदी) हमें राहत देने का काम किया है। 130-135 करोड़ की आबादी का भारत देश आज भी अन्य देशों की अपेक्षा राहत महसूस करता है।"

विवादित बयान

हम पर 200 साल राज करने वाले अमेरिका की हालत खस्ता- रावत

अमेरिका से भारत की तुलना करते हुए रावत ने कहा, "जिस अमेरिका के हम 200 वर्षों तक गुलाम थे, पूरे विश्व पर जिसका राज था, कभी सूरज छिपता ही नहीं था यह कहते थे, लेकिन आज के समय में वह बोल गया। पौने तीन लाख से भी अधिक मृत्यु दर हो गई। 12 करोड़ की आबादी का देश, स्वास्थ्य में नंबर 1, लेकिन मृत्यु दर 50 लाख से भी ज्यादा चला गया और हालत अभी भी खस्ता है।"

ट्विटर पोस्ट

सुनें रावत का पूरा विवादित बयान

गलती

रावत के बयान में अमेरिका से संबंधित लगभग सभी तथ्य गलत

बता दें कि रावत ने अपने बयान में अमेरिका से संबंधित लगभग सभी तथ्य गलत पेश किए। अमेरिका की असल आबादी 12 करोड़ नहीं बल्कि लगभग 33 करोड़ है, वहीं उसके यहां कोरोना की वजह से 50 लाख नहीं बल्कि 5.42 लाख लोगों की मौत हुई है। रावत की यह बात सही है कि अमेरिका कोरोना वायरस महामारी से सबसे अधिक प्रभावित हुआ है और यहां अब तक लगभग तीन करोड़ लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है।

अन्य बयान

"ज्यादा राशन चाहिए था तो ज्यादा बच्चे पैदा करते"

अपने भाषण में रावत ने एक और विवादित बयान दिया और लोगों से कहा कि अगर उन्हें ज्यादा राशन चाहिए था तो ज्यादा बच्चे पैदा करने चाहिए थे। उन्होंने कहा, "परिवारों को प्रति व्यक्ति पांच किलोग्राम राशन दिया गया। जिनके 20 बच्चे थे, उन्हें एक क्विंटल राशन मिला, जिनके दो बच्चे थे ,उन्हें 10 किलोग्राम राशन मिला। इसमें भी जलन होने लगी। भैया इसमें दोष किसका है? जब समय था, तब आपने दो बच्चे पैदा किए, 20 क्यों नहीं किए?"

अन्य विवादित बयान

महिलाओं की फटी जींस पर भी रावत ने दिया था विवादित बयान

बता दें कि रावत ने इससे पहले फटी जींस को लेकर भी एक विवादित बयान दिया था जिसे लेकर खूब बवाल हुआ था। उन्होंने कहा था, "देश के युवा पश्चिमी संस्कृति से प्रभावित हो रहे हैं। नग्न घुटने दिखाए जा रहे हैं। फटे डेनिम पहने जा रहे हैं... एक महिला की फटी जींस देखकर मुझे हैरानी हुई। मेरे मन में सवाल उठा कि इससे समाज में क्या संदेश जाएगा, क्या वे अपने बच्चों को अच्छे संस्कार दे पाएंगी?"