LOADING...
केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को दी "अंधेरी कोठरी में ले जाकर बेल्ट से ठोकने" की धमकी

केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को दी "अंधेरी कोठरी में ले जाकर बेल्ट से ठोकने" की धमकी

May 25, 2020
01:02 pm

क्या है खबर?

सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह अधिकारियों को बेल्ट से मारने की धमकी दे रही हैं। क्वारंटाइन केंद्र पर अव्यवस्था का वीडियो डालने वाले एक शख्स की पिटाई के आरोपों को लेकर रेणुका अधिकारियों को डांट रही थीं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि भगवाधारी भाजपा के कार्यकर्ताओं को कमजोर न समझा जाए और वे अंधेरी कोठरी में ले जाकर बेल्ट से अच्छे से ठोकना जानती हैं।

मामला

दिल्ली से वापस लौटे शख्स ने डाला था सोशल मीडिया पर वीडियो

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर के रहने वाले दिलीप गुप्ता हाल ही में दिल्ली से वापस लौटे थे और उन्हें यहां के एक क्वारंटाइन केंद्र में रखा गया था। इस दौरान उन्होंने केंद्र पर अव्यवस्था का वीडियो बना लिया और यहां मिलने वाले खाने की गुणवत्ता और अन्य सुविधाओं की शिकायत की। भाजपा कार्यकर्ता बताए जा रहे दिलीप का आरोप है कि जिले के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) और तहसीलदार ने वीडियो अपलोड करने के लिए उनकी पिटाई की थी।

बयान

अधिकारियों से बोलीं रेणुका सिंह- दादागीरी नहीं चलेगी

आरोपों की जांच के लिए केंद्रीय जनजाति राज्य मंत्री रेणुका सिंह बलरामपुर के क्वारंटाइन केंद्र पहुंची थीं। यहां उन्होंने पहले दिलीप से बात की और फिर अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने अधिकारियों से कहा, "दादागीरी नहीं चलेगी। कोई भी अधिकारी ये न सोचे कि सरकार हमारी नहीं है। हमने 15 साल यहां सरकार चलाई है। भुखमरी को दूर हमने किया है, नक्सलियों को दूर हमने किया है, अशिक्षा को हमने दूर किया है, विकास हमने किया है।"

Advertisement

बयान

"कोरोना वायरस से लड़ने के लिए भारत सरकार के पास पैसे की कमी नहीं"

वीडियो में रेणुका सिंह आगे कह रही हैं, "कोरोना से लड़ने के लिए भारत सरकार के पास पैसे और इच्छाशक्ति की कोई कमी नहीं है। मैं तो बोलती हूं सारे लोगों को कि जितना पैसा चाहिए मैं दिला रही हूं।"

Advertisement

धमकी

रेणुका बोलीं- भाजपा कार्यकर्ताओं को कमजोर मत समझना आप

भाजपा कार्यकर्ताओं को लेकर रेणुका सिंह कहती हैं, "इन भगवाधारी भाजपा के कार्यकर्ताओं को कमजोर मत समझना आप। जनपद और तहसील पर बैठकर आप जो भेदभाव कर रहे हैं ना भाजपा के कार्यकर्ताओं के साथ, भूल जाइए। अंधेरी कोठरी में ले जाकर मैं बेल्ट खोलकर ठोकना जानती हूं बहुत अच्छे से।" उन्होंने आगे कहा, "मंत्री भी हूं इसलिए दिल्ली में रहना पड़ता है। ऐसे में यह मत समझिए कि हमारे कार्यकर्ता यहां निरीह हो गए हैं।"

ट्विटर पोस्ट

सुनिए केंद्रीय मंत्री के बिगड़े बोल

जानकारी

रेणुका ने तस्वीर ट्वीट कर दिखाए दिलीप के चोट के निशान

रेणुका ने घटना की जानकारी देते हुए ट्विटर पर कुछ तस्वीरें भी पोस्ट की हैं जिनमें उन्हें सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए दूरी से दिलीप से बात करते हुए देखा जा सकता है। एक तस्वीर में दिलील की पीठ के घाव दिखाए गए हैं।

स्थिति

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार

बता दें कि अभी छत्तीसगढ़ में भूपेश सिंह बघेल के नेतृत्व में भाजपा की सरकार है। इससे पहले 15 साल तक रमन सिंह के नेतृत्व में भाजपा की सरकार थी। 2018 के अंत में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने भाजपा को मात दे 15 साल से चला आ रहा उसका एकछत्र राज समाप्त किया था। 15 साल सरकार चलाने के अपने बयान में रेणुका सिंह इन्हीं 15 साल की ओर इशारा कर रहीं थीं।

Advertisement