LOADING...
तमिलनाडु: थलापति विजय के सरकार बनाने के दावे पर राज्यपाल को आपत्ति, कल नहीं होगा शपथ-ग्रहण
TVK प्रमुख थलापति विजय ने तमिलनाडु के राज्यपाल को सरकार बनाने का प्रस्ताव सौंपा

तमिलनाडु: थलापति विजय के सरकार बनाने के दावे पर राज्यपाल को आपत्ति, कल नहीं होगा शपथ-ग्रहण

लेखन गजेंद्र
May 06, 2026
06:40 pm

क्या है खबर?

तमिलनाडु का चुनाव जीतने वाले तमिलगाम वेत्री कड़गम (TVK) के प्रमुख थलापति विजय ने कांग्रेस के समर्थन के बाद बुधवार को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया। विजय ने 112 विधायकों के समर्थन का पत्र सौंपा और राज्यपाल से बहुमत साबित करने के लिए 2 हफ्ते का समय मांगा। हालांकि, राज्यपाल ने उनको 118 विधायकों के साथ प्रस्ताव देने को कहा है। ऐसे में 7 मई को शपथ-ग्रहण की संभावना नहीं है।

गणित

विजय बहुमत के कितने करीब पहुंचे?

तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीटों में TVK ने 108 सीटें जीती हैं। उनको बहुमत के लिए 118 विधायक चाहिए। कांग्रेस ने अपने 5 विधायकों का सशर्त समर्थन दिया है, जिसके बाद उनके पास 113 विधायक हुए, लेकिन विजय के 2 सीटों (पेरम्बूर-पूर्वी त्रिची) से जीते जाने के कारण इसे 112 माना गया है। TVK ने कम्युनिस्ट पार्टियों को पत्र लिखा है, उनके पास 2-2 विधायक हैं। अगर उनका समर्थन मिले, तो भी विजय के पास 2 विधायक की कमी होगी।

गणित

छोटी पार्टियों ने समर्थन पर फैसला देने के लिए समय मांगा

विजय की पार्टी ने कम्युनिस्ट पार्टियों के अलावा विदुथलाई चिरुथिगल काची (VCK), इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) और देसिया मुरपोक्कु द्रविड़ कड़गम (DMDK) से संपर्क साधा है। तीनों ही पार्टियां द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) के साथ सत्ता में शामिल थीं। इनके पास कुल 5 विधायक हैं। अगर इनका समर्थन मिला, तो विजय का बहुमत का आंकड़ा 121 हो जाएगा। हालांकि, कम्युनिस्ट पार्टी समेत सभी छोटी पार्टियों ने समर्थन पर फैसला करने के लिए 8 मई तक का समय मांगा है।

Advertisement

गठबंधन

TVK ने AIADMK से बातचीत रोकी

राज्यपाल से मिलने से पहले TVK ने 47 विधायकों वाली अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (AIADMK) से गठबंधन को लेकर बातचीत रोक दी है। पहले TVK द्रविड़ पार्टी AIADMK के अलावा कांग्रेस समेत अन्य छोटी पार्टियों से भी बात कर रही थी। अब TVK केवल कम्युनिस्ट पार्टियों और अन्य छोटी पार्टियों के समर्थन का इंतजार कर रही है। कांग्रेस ने अपने समर्थन पत्र में शर्त रखी है कि TVK गठबंधन में सांप्रदायिक ताकतों को शामिल नहीं करेंगे।

Advertisement

शपथ

राहुल गांधी को भेजा गया शपथ समारोह का आमंत्रण

विजय के शपथ ग्रहण में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के शामिल होने की संभावना है। कांग्रेस की तमिलनाडु इकाई ने उनको निमंत्रण पत्र भेजा है। विजय का शपथ ग्रहण समारोह पहले गुरुवार 7 मई को चेन्नई के नेहरू इंडोर स्टेडियम में होने की संभावना थी, लेकिन राज्यपाल ने विजय से 118 विधायकों के समर्थन के साथ प्रस्ताव पेश करने को कहा है। ऐसे में विजय अपने 9-10 कैबिनेट सहयोगियों के साथ अब 8 मई के बाद शपथ ले सकते हैं।

बयान

कांग्रेस का बयान- भाजपा से जुड़ी कोई पार्टी गठबंधन में नहीं आएगी

तमिलनाडु के कांग्रेस प्रभारी गिरीश चोडंकर ने प्रेस को संबोधित कर कहा कि विजय ने अपने मुख्यालय में कांग्रेस पदाधिकारियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। वे 5 विधायकों के साथ मिलने गए थे। विजय ने मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल को फोन कर उनको धन्यवाद दिया और शपथ ग्रहण में बुलाया है। चोडंकर ने समर्थन की बड़ी शर्त बताई कि भाजपा से जुड़ी कोई पार्टी TVK के साथ गठबंधन में शामिल नहीं होगी। उनका इशारा AIADMK की तरफ था।

समर्थन

कांग्रेस ने विजय का काम अपने कंधों पर उठाया

कांग्रेस ने विजय की सरकार बनाने की अनौपचारिक जिम्मेदारी अपने कंथों पर उठा ली है और नई-नवेली कम अनुभव वाली पार्टी के लिए सहयोगी पार्टियों से बात करना शुरू कर दिया है। कांग्रेस TVK के लिए DMK की सरकार में सहयोगी रहीं भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी, VCK, DMDK और IUML से संपर्क कर रही है। VCK सरकार में शामिल होने का निर्णय लेने के लिए गुरुवार को बैठक करेगी। अभी IUML ने कोई जवाब नहीं दिया है।

समर्थन

AIADMK ने समर्थन की खबरों के नकारा

खबर आ रही थी कि AIADMK के कुछ विधायकों ने महासचिव एडप्पाडी पलानीस्वामी से TDP को समर्थन देने का अनुरोध किया है, जिससे दबाव बढ़ा है। इसको लेकर बुधवार को पार्टी कार्यालय में बैठक होनी थी, जो अचानक स्थगित कर दी गई। इसके बाद विधायक सीवी शनमुगम के रिश्तेदार के घर परामर्श बैठक हुई। बैठक के बाद पार्टी के उपमहासचिव केपी मुनुसामी ने कहा कि TVK को समर्थन करने की खबर गलत है, पार्टी किसी परिस्थिति में समर्थन नहीं देगी।

नाराजगी

राज्यपाल द्वारा TVK को न बुलाए जाने की स्वामी ने आलोचना की

TVK को राज्यपाल द्वारा सरकार बनाने के लिए आमंत्रित न किए जाने पर भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने आपत्ति जताई है। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'यह चौंकाने वाली बात है कि TVK सबसे बड़ी पार्टी होने के बावजूद, राज्यपाल ने अभी तक विजय को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित नहीं किया। मैं मांग करता हूं कि लोकतंत्र के हित में, राज्यपाल तत्काल TVK नेता को मंत्रिमंडल गठित करने के लिए आमंत्रित करें, ताकि वे विधानसभा में बहुमत साबित कर सकें।'

चुनाव

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में क्या रहा परिणाम?

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 में द्रविड़ राजनीति में रची-बसी DMK और AIADMK दोनों ही सबसे बड़ी पार्टी बनकर नहीं उभर सकी। तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा में TVK ने 108 सीटें हासिल कीं, जबकि AIADMK को 47 सीटें मिलीं। इसी तरह DMK सिर्फ 59 सीटों तक सिमट गई और बाकी सीटें कांग्रेस और वामपंथी जैसी छोटी पार्टियों ने हथिया लीं। इस चुनाव में कांग्रेस 5 सीटें जीतने में सफल रही है।

Advertisement