TMC सांसद काकोली घोष ने सहयोगी कल्याण बनर्जी के खिलाफ शिकायत दी, बार-बार दुर्व्यवहार का आरोप
क्या है खबर?
पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) की लोकसभा सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने गुरुवार को अपने सहयोगी सांसद कल्याण बनर्जी के खिलाफ लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को शिकायत दी है। बारासात से सांसद दस्तीदार ने लोकसभा में TMC के मुख्य सचेतक बनर्जी पर बार-बार महिला सांसदों के साथ दुर्व्यवहार करने अपमान करने का आरोप लगाया है। अपने हाथ से लिखे पत्र में दस्तीदार ने बनर्जी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें दंडित करने की मांग की है।
शिकायत
पत्र में दस्तीदार ने क्या लिखा?
दस्तीदार ने बिरला को भेजे पत्र में लिखा, "मैं आपसे अनुमति चाहती हूं कि मैं TMC के लोकसभा सदस्य कल्याण बनर्जी के खिलाफ न्याय के लिए एक औपचारिक शिकायत दर्ज करा सकूं, जिन्होंने लोकसभा के भीतर बार-बार मेरे साथ मौखिक दुर्व्यवहार किया है। यह महिला-विरोधी रवैया कई महिला सदस्यों के साथ अपनाया गया है और इसके लिए उन्हें दंडित किया जाना चाहिए।" हालांकि, अभी तक दस्तीदार या बनर्जी की ओर से कोई सार्वजनिक बयान नहीं आया है।
ट्विटर पोस्ट
काकोली घोष के पत्र की प्रति
#TMC MP #KakoliGhoshDastidar writes to #LokSabha speaker Om Birla seeking permission to file a formal complaint against her own party colleague #KalyanBanerjee for verbal abuse & misogyny. pic.twitter.com/ktb9tkaWc1
— Sreyashi Dey (@SreyashiDey) May 28, 2026
इस्तीफा
हाल में दिया है पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा
दस्तीदार ने यह शिकायत तब दर्ज कराई है, जब उन्होंने एक दिन पहले ही TMC में सभी संगठनात्मक पदों से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपने क्षेत्र में पार्टी के खराब चुनावी प्रदर्शन की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए बारासात संसदीय जिले के अध्यक्ष पद और अखिल भारतीय तृणमूल महिला कांग्रेस के अध्यक्ष पद से भी इस्तीफा दिया था। अपने इस्तीफे में उन्होंने राजनीतिक परामर्श फर्म I-PAC की आलोचना की थी, पार्टी पर कार्यकर्ताओं की अनदेखी का आरोप लगाया था।