तमिलनाडु: क्या AIADMK में आ गई दरार? TVK के समर्थन में दो-तिहाई विधायक शनमुगम से मिले
क्या है खबर?
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 में अभिनेता थलापति विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) के 108 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरते ही राज्य की राजनीति में हलचल मच गई है। TVK सरकार बनाने के लिए आवश्यक 118 सदस्यों का आंकड़ा पूरा करने के लिए प्रयासरत है। इस बीच खबरहै कि अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (AIADMK) के दो-तिहाई विधायक TVK के पक्ष में है। इसे AIADMK में दरार माना जा रहा है।
समर्थन
सीवी शनमुगम से मिले AIADMK के 35 विधायक
न्यूज18 की रिपोर्ट के अनुसार, AIADMK के करीब 35 विधायक थलपति विजय को समर्थन देने के लिए चेन्नई में राज्यसभा नेता सीवी शनमुगम के कार्यालय में एकत्र हुए हैं। यह तमिलनाडु विधानसभा में पार्टी की कुल संख्या का दो-तिहाई है। शनमुगम ने मैलम सीट से तमिलनाडु चुनाव जीता था। खबरों के अनुसार, इन विधायकों ने AIADMK के महासचिव एडप्पाडी के पलानीस्वामी से TVK के साथ गठबंधन पर विचार करने का अनुरोध किया है।
बयान
AIADMK प्रवक्ता ने दिया अहम बयान
AIADMK के प्रवक्ता कोवई सत्यान ने कहा कि हाई कमांड TVK के साथ गठबंधन करने का फैसला ले सकता है और पार्टी के भीतर किसी भी तरह की कोई दरार नहीं है। उन्होंने कहा, "TVK ने किसी भी पार्टी को आमंत्रित नहीं किया है। अगर वे स्थिरता चाहते हैं, तो उन्हें फैसला लेना चाहिए। कुछ गति तो है। हम देखेंगे और इंतजार करेंगे।" TVK प्रमुख विजय संभवतः चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे।
हालात
विधानसभा चुनावों के परिणामों ने बदले तमिलनाडु के हालात
तमिलनाडु में एक नाटकीय राजनीतिक बदलाव देखने को मिला, क्योंकि द्रविड़ राजनीति में रची-बसी 2 पार्टियों में से कोई भी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभर नहीं सकी। तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा में TVK ने 108 सीटें हासिल कीं, जबकि AIADMK को 47 सीटें मिलीं। इसी तरह सत्ताधारी द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) सिर्फ 59 सीटों तक सिमट गई और बाकी सीटें कांग्रेस और वामपंथी जैसी छोटी पार्टियों ने हथिया लीं।
समर्थन
TVK को मिला 5 कांग्रेस विधायकों का समर्थन
TVK को पहले ही 5 कांग्रेस विधायकों का समर्थन मिल चुका है। इसके साथ ही वह अपनी संख्या पूरी करने के लिए CPI, CPIM और विदुथलाई चिरुथाइगल काची (VCK) के संपर्क में है। इन तीनों दलों के पास कुल 11 विधायक हैं। इसी तरह विजय को IUML, DMDK और PMK का भी समर्थन मिल सकता है। ऐसे में AIADMK के विधायक सत्ता से दूर रहने के बजाय समर्थन देकर सत्ता का स्वाद चखना ज्यादा उचित समझ रहे हैं।
बयान
चुनाव परिणामों के बाद क्या बोले पलानीस्वामी?
चुनाव परिणामों के बाद AIADMK प्रमुख के पलानीस्वामी ने कहा कि वह तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में जनता के फैसले को स्वीकार करते हैं। उन्होंने कहा, "मैं उन सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त करता हूं जिन्होंने विधानसभा चुनावों में उठकर अपने लोकतांत्रिक कर्तव्य का निर्वाह किया। यहां जनता ही न्यायाधीश है, इसलिए मैं जनता द्वारा दिए गए फैसले को पूरी तरह से स्वीकार करता हूं और आगे भी उनके सेवा में लगा रहूंगा।"