तमिलनाडु: TVK ने जारी की उम्मीदवारों की सूची, थलापति विजय 2 सीटों से मैदान में
क्या है खबर?
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए अभिनेता थलापति विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) ने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। विजय खुद 2 सीटों- पेराम्बुर और त्रिची पूर्व से मैदान में होंगे। TVK के उम्मीदवारों के नामों की घोषणा करते हुए विजय ने लोगों से पार्टी को एक मौका देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, "सीटी के लिए वोट दें; यह एक 'सीटी क्रांति' वाला चुनाव होने जा रहा है।"
बयान
विजय ने मतदाताओं से किए ये वादे
विजय ने मतदाताओं से स्वच्छ शासन और जन-केंद्रित राजनीति के लिए मतदान की अपील की। उन्होंने कहा, "मैं जनता से TVK और हमारे 'सीटी' चिन्ह को वोट देने का आग्रह करता हूं। हम यहां सिर्फ जनता के लिए हैं और हमेशा जनता के लिए ही रहेंगे। मैं वादा करता हूं कि हम सार्वजनिक धन का दुरुपयोग नहीं करेंगे, भ्रष्टाचार में लिप्त नहीं होंगे। हम महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे, तमिलनाडु को नशामुक्त बनाएंगे और कानूनव्यवस्था को सख्ती से लागू करेंगे।"
चुनाव
तमिलनाडु में 4 गठबंधन-पार्टियां मैदान में
तमिलनाडु की सभी 234 सीटों पर एक ही चरण में 23 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। यहां DMK-कांग्रेस का गठबंधन हो चुका है और भाजपा-AIADMK में गठबंधन को लेकर चर्चा चल रही है। वहीं, थलापति विजय ने पहली बार चुनावी मैदान में उतरकर मुकाबले को रोचक बना दिया है। एस रामदास के नेतृत्व वाली PMK और पूर्व मुख्यमंत्री जयललिता की सहयोगी शशिकला द्वारा स्थापित पार्टी के गठबंधन ने चौथा मोर्चा खोल दिया है।