LOADING...
तमिलनाडु में थलापति विजय को सरकार बनाने के लिए समर्थन देगी कांग्रेस, आज होगा औपचारिक ऐलान
तमिलनाडु में थलापति विजय को सरकार बनाने के लिए समर्थन देगी कांग्रेस

तमिलनाडु में थलापति विजय को सरकार बनाने के लिए समर्थन देगी कांग्रेस, आज होगा औपचारिक ऐलान

लेखन गजेंद्र
May 06, 2026
10:16 am

क्या है खबर?

तमिलनाडु में अपनी पार्टी की स्थापना के 2 साल बाद ही ऐतिहासिक जीत दर्ज करने वाले थलापति विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) को कांग्रेस समर्थन देने को तैयार हो गई है। कांग्रेस की तमिलनाडु इकाई ने TVK के साथ संभावित गठबंधन पर चर्चा के लिए मंगलवार रात को एक वर्चुअल बैठक आयोजित की थी, जिसमें यह प्रस्ताव पारित किया गया है। राज्य में 5 सीट जीतने वाली कांग्रेस 2 कैबिनेट पद और बोर्डों की अध्यक्षता मांग सकती है।

पत्र

विजय ने खड़गे को भेजा पत्र, आज हो सकती है गठबंधन की औपचारिक घोषणा

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कांग्रेस की ओर से समर्थन का औपचारिक पत्र बुधवार को जारी हो सकता है। इसके बाद, कांग्रेस विधायक पनयूर में थलापति विजय से मुलाकात कर सकते हैं। विजय के साथ बैठक में गठबंधन की रूपरेखा को अंतिम रूप दिए जाने और सरकार गठन के अगले चरणों के लिए मार्ग प्रशस्त होने की उम्मीद है। बताया जा रहा है कि विजय ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को समर्थन मांगते हुए एक पत्र भेजा है।

समर्थन

कांग्रेस महासचिव ने तमिलनाडु इकाई पर छोड़ा था जिम्मा

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने मंगलवार रात को बताया था कि TVK प्रमुख विजय ने तमिलनाडु में सरकार बनाने के लिए कांग्रेस से समर्थन का अनुरोध किया है। उन्होंने बताया कि विजय ने अपने राजनीतिक मिशन में कामराज से भी प्रेरणा लेने की बात कही है, जो स्वतंत्रता सेनानी, कांग्रेस अध्यक्ष और तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री रहे हैं। वेणुगोपाल ने कहा कांग्रेस नेतृत्व ने तमिलनाडु इकाई को विजय के अनुरोध पर अंतिम निर्णय लेने का निर्देश दिया है।

Advertisement

समर्थन

TVK ने वामदल और VCK को भी पत्र भेजा

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, TVK 10 से कम सीट जीतने वाली पार्टियों से संपर्क साध रहे हैं, जिसमें अधिकतर द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) के साथ गठबंधन में रहे हैं। विजय की पार्टी ने विदुथलाई चिरुथिगल काची (VCK), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (CPIM) को भी समर्थन के लिए पत्र भेजा है। इनके सभी के पास 2-2 विधायक हैं। 2 विधायक वाली मुस्लिम लीग (IUML) ने समर्थन से इनकार किया है। वह DMK के साथ विपक्ष में रहेगी।

Advertisement

समर्थन

AIADMK गठबंधन रोकने की कोशिश में जुटी, फूट पड़ने की संभावना

इस बीच, भाजपा के साथ गठबंधन वाली अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (AIADMK) ने TVK के साथ गठबंधन की कोशिश शुरू कर दी है। वह किसी भी तरह कांग्रेस के साथ TVK का गठबंधन रोकना चाहती है। इस बीच, AIADMK के लगभग 35 विधायक चेन्नई में नेता सीवी शनमुघम के कार्यालय में TVK को समर्थन देने के लिए एकत्र हुए हैं, जिससे पार्टी के भीतर दरार का संकेत पैदा होता दिख रहा है।

शपथ

कल हो सकता है शपथ ग्रहण समारोह

विजय 7 मई को चेन्नई के नेहरू इंडोर स्टेडियम में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले सकते हैं। उनके साथ 9 कैबिनेट मंत्रियों के भी शपथ लेने की संभावना है। तमिलनाडु में बहुमत का आंकड़ा 118 है। TVK ने 108 सीटें जीती है। ऐसे में उसे कांग्रेस के अलावा वामपंथी दलों और VCK और मुस्लिम लीग जैसी छोटी पार्टियों का समर्थन आसानी से मिल सकता है। इन पार्टियों को जल्द ही निमंत्रण भेजे जाने की उम्मीद है।

Advertisement