LOADING...
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय का बड़ा फैसला, 2 हफ्ते में बंद होंगी 717 शराब की दुकानें
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलापति विजय ने शराब की दुकानों को लेकर बड़ा फैसला किया

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय का बड़ा फैसला, 2 हफ्ते में बंद होंगी 717 शराब की दुकानें

लेखन गजेंद्र
May 12, 2026
09:31 am

क्या है खबर?

तमिलनाडु के नवनियुक्त मुख्यमंत्री थलापति विजय (एस जोसेफ विजय) ने शनिवार को शपथ ग्रहण करने के बाद मंगलवार को बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने राज्य में उन शराब की दुकानों को बंद करने का आदेश दिया है, जो धार्मिक स्थल, बस स्टैंड और शिक्षण संस्थानों के 500 मीटर के दायरे में आती हैं। ऐसी दुकानों की संख्या 717 बताई जा रही हैं। इन्हें 2 हफ्ते के अंदर बंद करने का आदेश है।

जांच

जांच के बाद 717 दुकानों का पता चला

मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से मंगलवार को जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि तमिलनाडु स्टेट चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री 4,765 रिटेल शराब की दुकानें चला रहा है। मुख्यमंत्री विजय ने पूजा स्थल, शैक्षणिक संस्थान और बस स्टैंड से 500 मीटर के अंदर मौजूद दुकानों की जांच करने और उनकी पहचान करने का आदेश दिया था। इसके बाद 717 दुकानों का पता चला है, जो नियमों का उल्लंघन कर रही हैं।

आदेश

स्कूलों के पास चल रही है 186 दुकानें

मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि तीनों श्रेणी में 717 खुदरा शराब की दुकानें चलती पाई गईं। जनहित को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने इन्हें अगले 2 हफ्तों के भीतर बंद करने को कहा है। आदेश में बताया गया कि पूजा स्थलों के पास की 276 दुकानें, शैक्षणिक संस्थानों के पास की 186 दुकानें और बस स्टैंड के पास की 255 दुकानें चल रही थीं। बता दें कि मुख्यमंत्री विजय राज्य के आर्थिक हालात पर श्वेत पत्र ला सकते हैं।

Advertisement