पंजाब: सुखबीर बादल की गाड़ी पर हमला, कथित फायरिंग में तीन कार्यकर्ता घायल

पंजाब के जलालाबाद में शिरोमणि अकाली दल (SAD) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की गाड़ी पर हमला हुआ है। अज्ञात लोगों ने उनकी कार पर पथराव कर दिया। हालांकि, हमले के दौरान बादल कार में मौजूद नहीं थे। इसके बाद कांग्रेस और SAD कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। इसमें दोनों ओर से जमकर पथराव हुआ है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस दौरान कुछ लोगों ने फायरिंग भी की। इसमें तीन लोगों के घायल होने की खबर है।
दरअसल, जलालाबाद में 14 फरवरी को नगर निकाय के चुनाव होने है। इसको लेकर नामांकन प्रक्रिया चल रही थी। मंगलवार को SAD के प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल किया था। इसके लिए खुद सुखबीर बादल जलालाबाद पहुंचे थे। जैसे ही सुखबीर बादल का काफिला कोर्ट कॉम्प्लैक्स पहुंचा, वैसे ही हंगामा शुरू हो गया। इस दौरान बादल कोर्ट में चले गए और कुछ लोगों ने उनकी कार पर पथराव कर दिया। इससे माहौल बिगड़ गया।
इंडिया टुडे के अनुसार बादल की कार पर पथराव के बाद कांग्रेस और SAD कार्यकर्ताओं के बीच भिड़ंत हो गई। इससे भगदड़ मच गई और लोग लोग बैरिकेडिंग तोड़कर कोर्ट कॉम्प्लैक्स में दाखिल होने लगे। दोनों ओर से जमकर पथराव और फायरिंग भी गई। इसमें तीन लोगों के घायल होने की सूचना है। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों के लोगों खदेड़ा और भारी पुलिस बल तैनात किया। मौके पर अभी भी तनाव की स्थिति बरकरार है।
#WATCH | Shiromani Akali Dal (SAD) president Sukhbir Singh Badal's vehicle attacked in Jalalabad, Punjab.
— ANI (@ANI) February 2, 2021
(Note: Strong language) pic.twitter.com/kH9HWL9ZPg
पुलिस ने बताया दोनों पक्षों के बीच झड़प होने के बाद एहतियात के तौर पर नामांकन प्रक्रिया को रोक दिया गया था। स्थिति पर काबू पाने के बाद नामांकन प्रक्रिया को दोबारा शुरू कराया गया। कोर्ट के बाद भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है।
बादल के मीडिया सलाहकार जंगवीर सिंह ने आरोप लगाया कि नामांकन प्रक्रिया के दौरान सत्ताधारी पार्टी के विधायक रामिंदर सिंह अवाला के बेटे के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने SAD कार्यकर्ताओं पर हमला किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के गुंडों ने SAD अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की कार पर भी हमला किया। इस दौरान हुई फायरिंग में तीन SAD कार्यकर्ता घायल हो गए। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
SAD नेता परमबंस सिंह रोमाना ने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस की मौजूदगी में जमकर फायरिंग की है। इसमें उनके चार कार्यकर्ता घालय हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरी घटना में पुलिस मूक-दर्शक बनकर देखती रही और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने SAD अध्यक्ष बादल की कार को भी निशाना बना लिया। वह तो गनीमत थी कि बादल उस समय कार में नहीं थे। उन्होंने भी दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
झड़प के बाद सुखबीर बादल ने कहा कि उन पर कांग्रेसियों द्वारा हमला किया गया। पुलिस ने भी बीच-बचाव को लेकर कोई प्रयास नहीं किया। वह ऐसे हमलों से नहीं डरते हैं। उन्होंने कहा वह पार्टी के उम्मीदवारों के साथ नामांकन पत्र भरने के लिए जा रहे रहे थे कि दरवाजा बंद कर दिया गया और उसके बाद झड़प शुरू कर दी गई। इस झड़प में उनके तीन समर्थकों को गोली लगी है। उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
मामले में पुलिस अधीक्षक (SP) हरजीत सिंह ने कहा कि कोर्ट कांप्लेक्स में फाजिल्का के SP सहित तीन वरिष्ठ अधिकारियों को तैनात किया गया था। वहां कुछ कहासुनी को लेकर झड़प की वारदात हुई है। उन्होंने बताया कि झड़प के दौरान मौके पर मौजूद SAD अध्यक्ष की कार पर भी हमला किया गया था, लेकिन उस समय वह कार में मौजूद नहीं थे। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।