भोपाल: भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर के खिलाफ छात्रों ने लगाए 'आतंकवादी वापस जाओ' के नारे

बुधवार को भोपाल के माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय विश्वविद्यालय गईं भाजपा सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर को 'आतंकवादी वापस जाओ' के नारों का सामना करना पड़ा। विश्वविद्यालय के छात्रों ने उनके खिलाफ ये नारे लगाए। अपने खिलाफ लगाए गए इन नारों पर प्रज्ञा ठाकुर ने कानून विशेषज्ञों की सलाह लेने और इसमें शामिल छात्रों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है। बता दें कि प्रज्ञा भोपाल से ही सांसद हैं।
प्रज्ञा विश्वविद्यालय के पत्रकारिता और संचार कैंपस में दो छात्रों, श्रेया शर्मा और मनु शर्मा, से मिलने पहुंचीं थीं। ये दोनों हाजिरी की कमी के कारण उन्हें बाहर निकाले जाने के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। लेकिन छात्रों को प्रज्ञा का कैंपस आना पसंद नहीं आया और उन्होंने 'आतंकवादी वापस जाओ' और 'भारत माता की जय' के नारे लगाए। समाचार एजेंसी ANI के वीडियो में छात्रों के एक समूह को ये नारे लगाते हुए सुना जा सकता है।
#WATCH Bhopal: NSUI workers raise "aatankwadi wapas jayo" "Pragya Thakur, go back" slogans at Makhanlal Chaturvedi University. BJP MP Pragya Thakur had gone there to meet female students who were sitting on a 'dharna' against the university, over attendance issue. (25.12.19) pic.twitter.com/HKU1tZqoBY
— ANI (@ANI) December 25, 2019
इस बीच नारे लगा रहे छात्रों और भाजपा समर्थकों के बीच टकराव की स्थिति पैदा हो गई। स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। प्रज्ञा ने कानूनी विशेषज्ञों से सलाह लेने के बाद इन छात्रों के खिलाफ कानूनी कदम उठाने की बात कही है। विरोध कर रहे छात्र नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) के सदस्य बताए जा रहे हैं। ये कांग्रेस का छात्र संगठन है।
बता दें कि प्रज्ञा ठाकुर 2008 मालेगांव बम धमाकों में आरोपी हैं और उन पर इन हमलों की साजिश में शामिल होने का आरोप है। इन धमाकों में छह लोग मारे गए थे जबकि 100 से अधिक लोग घायल हुए थे। मामले में उन पर अनलॉफुल एक्टिविटी प्रिवेंशन एक्ट (UAPA) के तहत मुकदमा चल रहा है और वो स्वास्थ्य कारणों से जमानत पर बाहर हैं। उन पर मकोका भी लगा था, लेकिन उसे बाद में हटा दिया गया।
इन्हीं आरोपों के कारण जब भाजपा ने लोकसभा चुनाव में प्रज्ञा को भोपाल से चुनावी मैदान में उतारा था, तब काफी विवाद हुआ था। हालांकि इसका असर चुनाव परिणाम पर नहीं पड़ा और उन्होंने कांग्रेस के दिग्विजय सिंह को भारी अंतर से हराया।
हाल ही में प्रज्ञा स्पाइसजेट की दिल्ली-भोपाल फ्लाइट को 45 मिनट लेट कराने के लिए भी विवादों में रहीं थीं। व्हीलचेयर लेकर विमान में आईं प्रज्ञा इमरजेंसी के लिए रिजर्व पंक्ति में बैठ गईं थीं जो नियमों के अनुसार मान्य नहीं है। विमान के स्टाफ ने जब प्रज्ञा से सीट बदलने को कहा तो उन्होंने ऐसा करने से इनकार कर दिया और इसी कारण फ्लाइट 45 मिनट लेट हो गई।
भोपाल पहुंचने के बाद प्रज्ञा ने स्पाइसजेट पर उनके साथ दुर्व्यहार करने का आरोप लगाया। इस बीच घटना से संबंधित एक वीडियो सामने आया जिसमें अन्य यात्री उनसे सीट बदलने का अनुरोध कर रहे हैं, लेकिन वो उनकी भी नहीं सुन रहीं।