Page Loader
प्रधानमंत्री मोदी पर हमलावर सोनिया गांधी, कहा- संविधान बदलने की रची जा रहीं साजिशें
प्रधानमंत्री मोदी पर हमलावर सोनिया गांधी

प्रधानमंत्री मोदी पर हमलावर सोनिया गांधी, कहा- संविधान बदलने की रची जा रहीं साजिशें

Apr 06, 2024
04:02 pm

क्या है खबर?

पूर्व कांग्रेस अध्यक्षा और राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बड़ा हमला बोला है। जयपुर में एक रैली को संबोधित करते हुए सोनिया ने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी देश और लोकतंत्र को खत्म कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा विपक्ष के नेताओं को जबरदस्ती अपनी तरफ करने की कोशिश कर रही है। बता दें, हाल ही में कांग्रेस के कई नेता भाजपा में शामिल हुए हैं।

बयान

सोनिया बोलीं- रची जा रही संविधान बदलने की साजिश 

सोनिया ने कहा, "आज देश का लोकतंत्र खतरे में है। लोकतांत्रिक संस्थानों को खत्म किया जा रहा है और संविधान बदलने की साजिश रची जा रही है। पिछले 10 सालों में इस सरकार ने बेरोजगारी, महंगाई, असमानता और अत्याचार को बढ़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। मोदी सरकार ने जो कुछ किया है, वह हमारे सामने है।" उन्होंने आगे कहा कि खुद को महान समझने वाले मोदी जी देश के लोकतंत्र और मर्यादा का चीरहरण कर रहे हैं।

कार्यक्रम

जयपुर में लॉन्च किया घोषणा पत्र 

शनिवार को सोनिया गांधी ने जयपुर में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी और अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में कांग्रेस के घोषणा पत्र को सार्वजनिक तौर पर लॉन्च किया। कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र को 'न्याय पत्र' नाम दिया है और इसमें आधी नौकरियों को महिलाओं के लिए आरक्षित करने, अग्निपथ योजना को रद्द करने, देशभर में आर्थिक-सामाजिक जाति जनगणना कराने और न्यूनतम समर्थन मूल्य को कानूनी गारंटी देने समेत कई वादे किए हैं।