Loading...
AAP नेता सत्येंद्र जैन समेत 6 गिरफ्तार, 1.52 करोड़ रुपये रिश्वत का लगा आरोप
AAP नेता सत्येंद्र जैन समेत 6 गिरफ्तार

AAP नेता सत्येंद्र जैन समेत 6 गिरफ्तार, 1.52 करोड़ रुपये रिश्वत का लगा आरोप

लेखन Manoj Panchal
Aug 18, 2026
10:34 pm

क्या है खबर?

आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता सत्येंद्र जैन समेत 6 लोगों को दिल्ली जल बोर्ड (DJB) के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) टेंडरों में कथित अनियमितताओं के मामले में एंटी करप्शन ब्रांच (ACB) ने गिरफ्तार किया है। जल बोर्ड के पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) उदित प्रकाश राय, पूर्व संविदा सलाहकार अंकित श्रीवास्तव और 3 अन्य को भी आरोपी बनाया गया है। जांच में टेंडर प्रक्रिया में हेरफेर, प्रतिस्पर्धा सीमित करने और तकनीकी शर्तों को प्रभावित करने के आरोप लगे हैं।

मामला 

क्या है मामला?

यह मामला जल बोर्ड के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के विस्तार और आधुनिकीकरण से जुड़े टेंडरों की प्रक्रिया से संबंधित है।

प्रवर्तन निदेशालय (ED) के अनुसार, अक्टूबर 2022 में दिए गए इन 4 टेंडरों की कुल कीमत 1,943 करोड़ रुपये थी। शुरुआती अनुमान करीब 1,546 करोड़ रुपये था, जिसे बाद में बढ़ाया गया।

जांच एजेंसियों के अनुसार, टेंडर में सिर्फ 3 कंपनियों ने भाग लिया था और काम बाद में हैदराबाद स्थित यूरोटेक एनवायरनमेंटल प्राइवेट लिमिटेड को मिला था।

प्रक्रिया 

टेंडर शर्तों में कथित हेरफेर

ACB के अनुसार, टेंडर की कुछ तकनीकी शर्तें कथित तौर पर इस तरह तैयार की गईं कि एक विशेष कंपनी को फायदा मिले।

जांच में प्रस्तावित पायलट अध्ययन नहीं कराने, तकनीक या मीडिया से जुड़ी प्रतिबंधात्मक शर्तें जोड़ने और उपचारित पानी के जरूरी मानकों को पर्याप्त रूप से शामिल नहीं करने जैसी कथित अनियमितताएं मिलीं।

बता दें, इस मामले की जांच पहले से चल रही है और 11 मई, 2024 को ED ने इस मामले में FIR दर्ज कराई थी।

ADVERTISEMENT

हेरफेर 

1.52 करोड़ रुपये की रिश्वत का आरोप

जांच एजेंसी ने कथित लेनदेन की भी जांच की है।

ACB के अनुसार, यूरोटेक से जुड़े पक्षों से रकम मध्यस्थ संस्थाओं तक पहुंची। जिनमें मुख्य रूप से AN एंटरप्राइस और श्रीजनहार शामिल हैं।

एजेंसी का आरोप है कि एंटरप्राइस के माध्यम से पूर्व DJB CEO उदित और उनके रिश्तेदारों के बैंक खातों में करीब 1.52 करोड़ रुपये पहुंचे।

ACB ने कहा कि इस रकम का इस्तेमाल अचल संपत्ति खरीदने में कथित तौर पर किया गया।

ADVERTISEMENT

प्रतिक्रिया 

AAP ने गिरफ्तारी को बताया राजनीतिक कार्रवाई

गिरफ्तारी के बाद AAP ने इसे राजनीतिक कार्रवाई बताया है।

पार्टी प्रमुख और पूर्व दिल्ली मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि सत्येंद्र को भाजपा के इशारे पर गिरफ्तार कराया गया है।

उन्होंने कहा, "पिछला केस भी फर्जी था और यह केस भी फर्जी साबित होगा।"

केजरीवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा झूठे आरोप लगाकर लोगों को जेल में डालती है और कहा कि "भाजपा के पाप का घड़ा अब भर चुका है।"

ट्विटर पोस्ट

केजरीवाल ने दी प्रतिक्रिया

ADVERTISEMENT