उत्तर प्रदेश में कांग्रेस ने मांगी 130 सीट, समाजवादी पार्टी ने 26 सीटों का प्रस्ताव दिया
क्या है खबर?
उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी (SP) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे की बातचीत चल रही है, इस बीच सीटों की पहली जानकारी सामने आई है। इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, कांग्रेस ने अपने सहयोगी दल, SP को 130 सीटों की एक सूची सौंपी थी, जिन पर वह चुनाव लड़ना चाहती है। इसके जवाब में अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली SP ने 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है।
सीट
समाजवादी पार्टी ने इन सीटों का प्रस्ताव दिया
SP ने जो 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है, उसमें 2 सीटें रामपुर खास और फरेंदा वो हैं, जिन पर कांग्रेस ने जीत हासिल की थी।
इसके अलावा 4 सीटों मथुरा, खेरागढ़, जगदीशपुर और किदवई नगर में कांग्रेस दूसरे स्थान पर थी।
कांग्रेस को जो अन्य 20 सीटें दी गई हैं, उनमें बागपत, मोदीनगर, हापुड़, जेवर, स्याना, खुर्जा, खैर, इगलास, मांट, आगरा उत्तर, फतेहपुर सीकरी, बिलग्राम-मल्लावां, गोविंद नगर, नानपारा, गोरखपुर शहर, खजनी, पडरौना, फाजिलनगर, पिंडरा और वाराणसी कैंट शामिल हैं।
बातचीत
आज दूसरे दौर की बातचीत
सोमवार को कांग्रेस और SP के 4 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के बीच कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी के दिल्ली स्थित आवास पर आधे घंटे से भी कम समय तक बैठक हुई थी।
बैठक में SP की ओर से सांसद राम गोपाल यादव, राजीव राय, इकरा हसन और प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल शामिल थे।
मंगलवार को यादव ने कहा कि बैठक में जो कहना था कल कह दिया गया है, SP ने 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है, आज फिर बातचीत होगी।
सूची
कांग्रेस ने बनाई है 120 सीटों की सूची
कांग्रेस ने पहले 180 सीटों की इच्छा जताई थी, जो बाद में 136 पर आकर रुकी। हालांकि, अब कांग्रेस ने 120 सीटों की सूची सौंपी है।
सूची 3 श्रेणी में बंटी है, जिसमें A श्रेणी में 55 सीटें हैं। इन सीटों में कांग्रेस मजबूती से लड़ना चाहती है। B में वे सीटें हैं, जहां कांग्रेस अच्छा प्रदर्शन कर चुकी है, C में कांग्रेस को जीत की संभावना दिख रही है।
मंगलवार को इसी प्रस्ताव पर दोबारा विचार होना है।