Page Loader
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के लिए मुसीबत बने पुराने ट्वीट, केजरीवाल के लिए आपत्तिजनक भाषा का उपयोग
रेखा गुप्ता के पुराने वीडियो और ट्वीट बने मुसीबत

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के लिए मुसीबत बने पुराने ट्वीट, केजरीवाल के लिए आपत्तिजनक भाषा का उपयोग

लेखन गजेंद्र
Feb 20, 2025
02:23 pm

क्या है खबर?

दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में रेखा गुप्ता ने संविधान की शपथ ले ली है, लेकिन उनके पुराने वीडियो और ट्वीट अब मुसीबत बन रहे हैं। दरअसल, रेखा गुप्ता ने पार्षद रहते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के लिए काफी आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए ट्वीट किया था, जिसे अब लोग साझा कर रहे हैं। इसके अलावा नगर निगम में तोड़फोड़ और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) को देशद्रोही बताने वाला वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हैं।

विवाद

अलका लांबा ने साझा किया तोड़फोड़ का वीडियो

महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व विधायक अलका लांबा ने ऐसा ही एक वीडियो एक्स पर साझा किया है, जिसमें रेखा निगम सदन में तोड़फोड़ करती दिख रही हैं। वीडियो साझा कर लांबा ने लिखा, 'मिलिए दिल्ली की मुख्यमंत्री से। भाजपा पार्षद रहते हुए सदन में उनके व्यवहार और आचरण पर सवाल उठाए जा रहे हैं। इस वीडियो में वह सरकारी सम्पति को नुकसान पहुंचाते हुए और हिंसक होते हुए साफ़ देखी जा सकती है, जो बेहद निंदनीय है।'

ट्विटर पोस्ट

अलका लांबा ने साझा किया वीडियो

अभद्रता

अरविंद केजरीवाल के लिए कही थी भद्दी बात, अब हटा दिए गए ट्वीट

रेखा का एक ट्वीट उनके विपक्षी काफी साझा कर रहे हैं, जिसमें उन्होंने केजरीवाल के लिए काफी आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया है। रेखा ने ये ट्वीट वर्ष 2016 और 2019 में एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर किए थे, जिसमें से कुछ पोस्ट अब उनके अकाउंट से हटा दिए गए हैं, लेकिन स्कीनशॉट वायरल हैं। केजरीवाल पर किया गया रेखा का एक आपत्तिजनक ट्वीट का स्क्रीनशॉट समाजवादी पार्टी ने भी अपने एक्स अकाउंट पर साझा किया है।

ट्विटर पोस्ट

रेखा गुप्ता के पुराने ट्वीट सोशल मीडिया पर हो रहे साझा

विवाद

JNU को बताया था देशद्रोही विश्वविद्यालय

रेखा का दिल्ली के प्रतिष्ठित जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) को लेकर दिया गया बयान भी सोशल मीडिया पर है, जिसमें वह उसे देशद्रोही बताकर बंद करने की मांग कर रही हैं। वीडियो में रेखा कह रही हैं, "...फ्री का खाते हैं। 10 रुपये फीस में वर्षों लोग PhD के नाम पर वहां पड़े रहते हैं। फ्री बिजली-पानी उपयोग करते हैं। आज प्रशासन ने बिजली का शुल्क लगा दिया, तो क्या बुरा है। ऐसी देशद्रोही यूनिवर्सिटी देश में नहीं होनी चाहिए।"

ट्विटर पोस्ट

JNU को लेकर दिया गया बयान

पहचान

कौन हैं रेखा गुप्ता?

रेखा शालीमार बाग सीट से विधायक चुनी गई हैं। वे फिलहाल दिल्ली भाजपा की महासचिव और महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। उन्होंने अपना राजनीतिक सफर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से शुरू किया था। छात्र राजनीति के दौरान ही वे दिल्ली विश्वविद्यालय के दौलत राम कॉलेज में सचिव चुनी गई थीं। वे मूल रूप से हरियाणा की रहने वाली हैं, लेकिन जब वे 2 साल की थीं, तब उनका परिवार दिल्ली आ गया था।