Page Loader
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव: राजनांदगांव से पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने दर्ज की बड़ी जीत
रमन सिंह ने राजनांदगांव सीट से जीत दर्ज की है

छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव: राजनांदगांव से पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने दर्ज की बड़ी जीत

लेखन गजेंद्र
Dec 03, 2023
06:31 pm

क्या है खबर?

छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में राजनांदगांव विधानसभा सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा प्रत्याशी रमन सिंह ने जीत दर्ज की है। उन्होंने कांग्रेस के गिरीश देवांगन को 44,705 वोटों से हराया। सिंह को 1,01,414, जबकि देवांगन को 56,709 मत मिले। इस सीट पर तीसरे नंबर पर निर्दलीय उम्मीदवार माखन यादव रहे। उनको 1,034 वोट मिले हैं। बता दें कि मुख्यमंत्री की रेस में भी सिंह का नाम सबसे आगे चल रहा है।

परिणाम

राजनांदगांव सीट का इतिहास

राजनांदगांव कभी कांग्रेस का गढ़ था। यहां 1967 में कांग्रेस के किशोरीलाल शुक्ला जीते थे, लेकिन आपातकाल की वजह से यह सीट जनता दल के पास चली गई। उसके बाद 1980 में किशोरीलाल निर्दलीय जीते। इस सीट पर भाजपा 1990 में पहली बार जीती। 1993 में कांग्रेस ने सीट पर वापसी की, लेकिन 1998 में सीट भाजपा के पास चली गई। 2003 में सीट पर फिर कांग्रेस आई, लेकिन 2008 से रमन सिंह लगातार राजनांदगांव से जीत रहे हैं।

चुनाव

छत्तीसगढ़ में जीत रही भाजपा

छत्तीसगढ़ में भाजपा लगभग जीत गई है। पार्टी राज्य की 90 में से 54 के आसपास सीटें जीतती हुई नजर आ रही है, वहीं कांग्रेस महज 36 सीटों पर आगे है। छत्तीसगढ़ में 90 सीटों के लिए 2 चरणों में मतदान हुआ था। नक्सल प्रभावित क्षेत्र होने के कारण 7 नवंबर को पहले चरण में 20 सीटों पर और 17 नवंबर को दूसरे चरण में 70 सीटों पर मतदान हुआ था। यहां कुल 76.31 प्रतिशत मतदान हुआ था।