राजनाथ सिंह का कांग्रेस पर बड़ा हमला, कहा- आ गया बोरिया-बिस्तर बांधने का समय
क्या है खबर?
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को जम्मू में एक जनसभा में कांग्रेस पर जोरदार निशाना साधा और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहीं नहीं जा रहे हैं और अब कांग्रेस के लिए अपना बोरिया-बिस्तर बांधने का समय आ गया है। 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' मार्च के समापन पर आयोजित रैली में राजनाथ ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने देश को भारी नुकसान पहुंचाया है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि धूमिल करने की कोशिश की है।
बयान
राजनाथ ने क्या दिया बयान?
जम्मू-कश्मीर को भारत का मुकुट बताते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल जनसभा को संबोधित करना नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और संविधान को मजबूत करना है।
उन्होंने कांग्रेस पर देश में अराजकता फैलाने और सत्ता परिवर्तन (रेजीम चेंज) की कोशिश करने का आरोप लगाया।
उन्होंने हाल ही में हैदराबाद में हुई कांग्रेस की एक बैठक का जिक्र करते हुए राहुल गांधी पर भी तीखा हमला बोला है।
हमला
राजनाथ ने राहुल पर कैसे बोला हमला?
राजनाथ ने कहा, "हैदराबाद में हुई कांग्रेस की बैठक में एक इतालवी नेता को 'वोट चोर, गद्दी छोड़' जैसे नारे लगाते सुना गया। क्या कोई भी स्वाभिमानी भारतीय इसे बर्दाश्त करेगा? क्या मोदी जी वोट चुराकर प्रधानमंत्री बने हैं? वोट चोरी कांग्रेस के शासन में हुई होगी, क्योंकि यह उनकी आदत है। हम सत्ता के लिए नहीं, बल्कि देश को बचाने के लिए राजनीति करते हैं। लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ करने वालों को हम उन्हें बर्दाश्त नहीं करेंगे।"
तंज
चुनावों में हार को लेकर भी कसा तंज
राजनाथ ने लगातार 3 लोकसभा चुनावों में कांग्रेस की हार का जिक्र करते हुए उसकी तुलना परीक्षा में फेल होने वाले छात्र से की।
उन्होंने कहा, "कांग्रेस के लोग सुन लें, मोदी जी कहीं नहीं जा रहे हैं। मैं इतना कह सकता हूं कि अब कांग्रेस के लिए बोरिया-बिस्तर बांधने का समय आ गया है। आप अपनी गाड़ी लेकर कश्मीर से कन्याकुमारी तक चले जाइए, आप किसी ऐसे राज्य से नहीं गुजरेंगे जहां कांग्रेस का मुख्यमंत्री हो।"
सबूत
राहुल द्वारा बिना सबूत आरोप लगाने पर क्या बोले राजनाथ?
राजनाथ ने कहा, "जब आप सबूत मांगते हैं कि वोट चोरी कहां हुई, तो उनके वरिष्ठ नेता राहुल गांधी कहते हैं कि हमारे पास सबूत नहीं हैं, लेकिन हमें ऐसा एहसास हो रहा है। यह क्या नाटक है? क्या कोई सिर्फ एहसास से बड़ा अभिनेता या क्रिकेटर बन जाएगा? देश किसी की भावनाओं से नहीं, बल्कि संविधान से चलता है। अगर आज आपको ऐसा एहसास हो रहा है, तो क्या आप कल अमेरिका के राष्ट्रपति बन जाएंगे?"
विकास
अनुच्छेद 370 और जम्मू-कश्मीर के विकास पर बयान
अनुच्छेद 370 के निरस्तीकरण का जिक्र करते हुए राजनाथ ने कश्मीरी कहावत 'पातिम मशराव ब्रोंठ कुन नजर थाव' (बीती बातों को भूलकर आगे की ओर देखें) का उदाहरण दिया।
उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 हटने के बाद श्यामा प्रसाद मुखर्जी का सपना पूरा हुआ है, आतंकवादी और अलगाववादी ताकतें खत्म हो रही हैं और अब जम्मू-कश्मीर को एक विकसित राज्य बनने से कोई नहीं रोक सकता है। इसका चहुंमुखी विकास होगा।