Page Loader
राजस्थान: मुख्यमंत्री अशोक गहलोत बोले- कन्हैया लाल के हत्यारों का संबंध भाजपा से 
उदयपुर में कन्हैयालाल की हत्या का मुद्दा उठने पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भाजपा को घेरा

राजस्थान: मुख्यमंत्री अशोक गहलोत बोले- कन्हैया लाल के हत्यारों का संबंध भाजपा से 

लेखन गजेंद्र
Nov 13, 2023
10:06 am

क्या है खबर?

राजस्थान चुनाव के प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दर्जी कन्हैयालाल तेली की हत्या का मुद्दा उठाए जाने पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इसका जवाब दिया है। जोधपुर में चुनाव प्रचार के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए गहलोत ने कहा, "यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना थी। मुझे जैसे ही इसकी जानकारी मिली, मैंने अपना निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर दिया और उदयपुर के लिए रवाना हो गया। हालांकि, भाजपा के कई शीर्ष नेताओं ने हैदराबाद में कार्यक्रम किया।"

बयान

गहलोत ने और क्या कहा?

गहलोत ने आगे कहा, "राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने पहले दिन मामला अपने हाथ में ले लिया। राज्य सरकार ने आपत्ति नहीं जताई। कोई नहीं जानता कि NIA ने क्या कार्रवाई की। अगर हमारा विशेष अभियान समूह (SOG) जांच करता तो दोषी न्याय के कटघरे में होते।" गहलोत बोले, "अपराधियों का संबंध भाजपा से है। घटना के कुछ दिन पहले पुलिस ने इन आरोपियों को किसी अन्य मामले में गिरफ्तार किया था, तब भाजपा के नेता उन्हें छुड़ाने पहुंचे थे।"

मुद्दा

क्या कहा था प्रधानमंत्री मोदी ने?

राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए नरेंद्र मोदी ने अशोक गहलोत की सरकार पर कन्हैया लाल मामले में वोटबैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था, "उदयपुर में जो हुआ, उसकी कल्पना नहीं की जा सकती। कुछ लोग कपड़े सिलवाने दर्जी की दुकान पर गए और बिना कानून के डर के उसका गला काट दिया।" उन्होंने कहा, "कांग्रेस ने इस मामले को वोटबैंक की राजनीति के नजरिये से देखा।"

घटना

क्या है मामला?

उदयुपर में 28 जून, 2022 को मोहम्मद रियाज अटारी और मोहम्मद गौस नामक 2 हमलावरों ने दर्जी कन्हैयालाल तेली की गर्दन काटकर हत्या कर दी थी। दोनों हमलावर कपड़े सिलवाने के बहाने उसकी दुकान पर आए थे और यहीं वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने दिल दहला देने वाली इस घटना का वीडियो भी बनाया। दोनों हमलावर पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ टिप्पणी करने वाली भाजपा की पूर्व प्रवक्ता नुपुर शर्मा का समर्थन करने के कारण दर्जी से नाराज थे।