राहुल गांधी ने चेताया, जो भाजपा को वोट नहीं देगा उसे योजना का लाभ नहीं मिलेगा
क्या है खबर?
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पंचायती राज मंत्री ललन सिंह के एक बायन के बाद लोगों को चेताया है कि केंद्र सरकार भविष्य में बड़ी साजिश रच सकती है। राहुल ने एक्स पर लिखा कि नरेंद्र मोदी की सरकार के मंत्री ऐलान किया है कि योजनाओं का लाभ अब आधार कार्ड से नहीं, वोटर-ID से तय होगा। राहुल ने लिखा कि गहरी साजिश को इत्मीनान से समझिए, जो भाजपा को वोट नहीं देगा, उसका नाम मतदाता सूची से काटा जाएगा।
बयान
राहुल गांधी ने क्या कहा?
राहुल ने लिखा, 'मोदी सरकार के मंत्री का ऐलान- योजनाओं का लाभ अब आधार से नहीं, वोटर-ID से तय होगा। साजिश बहुत गहरी है, इत्मीनान से समझिए। SIR के नाम पर करोड़ों नाम मतदाता सूची से काटे जा रहे हैं- रोका नहीं गया तो और भी काटे जाएंगे। अधिकतर नाम किनके? जो भाजपा के खिलाफ आक्रोश में हैं। मतदाता सूची निष्पक्ष चुनाव आयोग के हाथ में होनी चाहिए, मगर वो मोदी सरकार के कर्मचारी, ज्ञानेश कुमार के हाथ में है।'
बयान
ऐसी सूची बनाने की तैयारी है, जिसमें बहुमत भाजपा को हो
राहुल ने आगे लिखा कि ऐसी सूची बनाने की तैयारी है, जिसमें बहुमत हमेशा भाजपा का हो और अब वही सूची तय करेगी कि आपको योजना का पैसा मिलेगा या नहीं।
उन्होंने कहा कि जिसने भी भाजपा को हटाने की ठानी है, चुन-चुनकर उनका नाम काटा जाएगा और नाम काटने से वोट चला जाएगा और हक भी चला जाएगा।
उन्होंने आगाह किया कि इस प्रक्रिया से देखते ही देखते लोग एक अपहृत लोकतंत्र के अदृश्य नागरिक बन जाएंगे।
बयान
किसी गरीब की पेंशन उसके मतदाता कार्ड की गुलाम नहीं- राहुल
राहुल ने आगे लिखा कि अगर भाजपा ने यह प्रक्रिया लागू की तो जनता सरकार नहीं चुनेगी, सरकार अपनी जनता चुनेगी।
उन्होंने लिखा, 'आज पंचायती राज की योजनाएं। कल राशन? पेंशन? मनरेगा? आवास? छात्रवृत्ति? आरक्षण? यह चुनाव जीतने की राजनीति नहीं, चुनाव चोरी का इंतजाम और सत्ता में रहने का स्थायी बंदोबस्त है। वोट देना आपका अधिकार है, शर्त नहीं। किसी गरीब की पेंशन उसके वोटर कार्ड की ग़ुलाम नहीं हो सकती। ये सिर्फ वोट चोरी नहीं- हक चोरी है।'
बयान
ललन सिंह ने क्या कहा था?
ललन सिंह ने 30 अक्टूबर को पंचायती राज मंत्रालय की ओर से आयोजित एक राष्ट्रीय कार्यशाला में यह बयान दिया था, जिससे विवाद खड़ा हो गया है।
उन्होंने कहा था, "अब आधार लाभार्थियों को भुगतान का जो आधार है, वह आधार कार्ड नहीं रहेगा। आधार कार्ड बनाने वाली संस्थाएं हर गली में उपलब्ध हैं। जो भी लाभार्थी हैं, उनके भुगतान के लिए बायोमेट्रिक और उनका जो वोटर-ID का EPIC नंबर है, वो उसका आधार होगा और उसी पर भुगतान होगा।"
ट्विटर पोस्ट
राहुल गांधी का पोस्ट
मोदी सरकार के मंत्री का ऐलान - योजनाओं का लाभ अब आधार से नहीं, वोटर ID से तय होगा।
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) November 6, 2026
साजिश बहुत गहरी है, इत्मीनान से समझिए।
SIR के नाम पर करोड़ों नाम वोटर लिस्ट से काटे जा रहे हैं - रोका नहीं गया तो और भी काटे जाएंगे।
ज़्यादातर नाम किनके? जो BJP के ख़िलाफ़ आक्रोश में हैं।
वोटर… pic.twitter.com/HBlJvDrBP0