प्रधानमंत्री मोदी की बचत अपील पर राहुल गांधी का निशाना, कहा- उपदेश नहीं नाकामी का सबूत
क्या है खबर?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को लोगों से एक साल तक विदेश यात्रा न करने और सोना न खरीदने की अपील की है, जिस पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने निशाना साधा है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि देश चलाना अब 'समझौता कर चुके प्रधानमंत्री' के बस की बात नहीं है। उन्होंने प्रधानमंत्री की अपील को उपदेश नहीं बल्कि नाकामी का सबूत बताया और कहा कि अपील के जरिए 12 साल के शासन में जवाबदेही से बचा जा रहा है।
निशाना
देश चलाना प्रधानमंत्री की बस की बात नहीं- राहुल
राहुल ने लिखा, 'मोदी जी ने कल जनता से त्याग मांगे- सोना मत खरीदो, विदेश मत जाओ, पेट्रोल कम जलाओ, खाद और खाने का तेल कम करो, मेट्रो में चलो, घर से काम करो। ये उपदेश नहीं- ये नाकामी के सबूत हैं।' राहुल ने आगे लिखा कि प्रधानमंत्री हर बार जिम्मेदारी जनता पर डाल देते हैं ताकि खुद जवाबदेही से बच निकलें। उन्होंने लिखा कि देश चलाना अब 'कम्प्रोमाइज्ड प्रधानमंत्री' के बस की बात नहीं है।
ट्विटर पोस्ट
राहुल गांधी का निशाना
मोदी जी ने कल जनता से त्याग मांगे - सोना मत ख़रीदो, विदेश मत जाओ, पेट्रोल कम जलाओ, खाद और खाने का तेल कम करो, मेट्रो में चलो, घर से काम करो।
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) May 11, 2026
ये उपदेश नहीं - ये नाकामी के सबूत हैं।
12 साल में देश को इस मुक़ाम पर ला दिया है कि जनता को बताना पड़ रहा है - क्या ख़रीदे, क्या न…
अपील
क्या बोले थे प्रधानमंत्री मोदी?
प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को तेलंगाना के हैदराबाद में आयोजित भाजपा की रैली में कहा, "आज जो संकट है, उसमें हमें विदेशी मुद्रा बचाने पर भी बहुत जोर देना होगा। इसलिए हम सबका दायित्व है कि पेट्रोल-डीजल की खरीद पर जो विदेशी मुद्रा खर्च होती है, पेट्रोल-डीजल बचाकर हमें वो मुद्रा भी बचानी है।" मोदी ने कहा कि लोगों से एक साल तक विदेश न जाने और पारिवारिक कार्यक्रम के लिए सोना न खरीदने की अपील की है।