राहुल गांधी ने शिव-पार्वती की 'अर्धनारीश्वर' तस्वीर साझा की, बोले- भाजपा-RSS को धर्म की समझ नहीं
क्या है खबर?
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर तीखा हमला किया है। उन्होंने एलिफेंटा की गुफाओं में बनी भगवान शिव और माता पार्वती की संयुक्त प्रतिमा (अर्धनारीश्वर स्वरूप) की तस्वीर साझा करते हुए दोनों संगठनों को असभ्य, लालची, जातिवादी और पुरुषवादी बताया। इससे पहले राहुल ने शिव-पार्वती की भी एक तस्वीर साझा की थी, जिसमें देवी पार्वती, शिव की गोद में बैठी नजर आ रही थी।
बयान
राहुल बोले- भाजपा को धार्मिक परंपराओं की समझ नहीं
राहुल ने कहा, 'मैं भारतीय आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं में जितना गहराई से उतरता हूं, उतनी ही चीजें स्पष्ट होती जाती हैं। भाजपा और RSS असभ्य, लालची, जातिवादी और पुरुष-प्रधान सोच वाले लोग हैं, जिन्हें हमारी आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं की रत्ती भर भी समझ नहीं है।'
राहुल ने जो तस्वीर साझा की है, वो महाराष्ट्र के एलीफेंटा गुफाओं की है। माना जाता है कि यह आकृति करीब 1,500 साल पुरानी है।
विवाद
क्या है विवाद?
इस तस्वीर को राहुल के अपने माता-पिता को लेकर दिए बयान से जोड़ा जा रहा है।
दरअसल, राहुल ने अपनी मां सोनिया गांधी की किताब के विमोचन कार्यक्रम में कहा था कि बचपन में खाने के समय पापा बैठे होते थे और उनकी गोद में मम्मा बैठी होती थीं।
इसे लेकर भाजपा ने सवाल उठाए थे। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने कहा था कि साधारण मनुष्यों को शिव और पार्वती के रूप में दिखाना भक्ति नहीं, अहंकार है।