राहुल गांधी ने नीतीश कुमार पर सुनाया चुटकुला, बोले- दबाव पड़ते ही यू-टर्न ले लिया
क्या है खबर?
बिहार में बड़े सियासी घटनाक्रम के बाद कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा राज्य में प्रवेश कर चुकी है।
मंगलवार को पूर्णिया में एक रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को निशाने पर लिया।
राहुल ने नीतीश पर एक चुटकुला सुनाया। उन्होंने बताया, "मुझे भूपेश बघेल जी ने एक चुटकुला सुनाया जो आपके मुख्यमंत्री को लेकर चल रहा है। आपके मुख्यमंत्री राज्यपाल के यहां धूमधाम के बीच शपथ के लिए गए थे।"
बयान
राहुल ने और क्या कहा?
राहुल बोले, "राज्यपाल के यहां सभी भाजपा के नेता थे। इस दौरान नीतीश मुख्यमंत्री की शपथ लेते हैं और वहां से निकल जाते हैं। गाड़ी में नीतीश को पता चलता है कि उनका शॉल राज्यपाल के घर पर छूट गया। वह ड्राइवर से कहते हैं वापस चलो। नीतीश जी जैसे राज्यपाल के पास जाते हैं तो राज्यपाल कहते हैं, अरें! इतनी जल्दी वापस आ गए। तो ये हालत है बिहार की। थोड़ा-सा दबाव पड़ता है और यू-टर्न लेते हैं।"
ट्विटर पोस्ट
सुनिए, राहुल गांधी के द्वारा सुनाया गया चुटकुला
बिहार के मुख्यमंत्री के बारे में ये चुटकुला वायरल है.
— Congress (@INCIndia) January 30, 2024
आपने सुना क्या❓ pic.twitter.com/Uwq1igh280
सच्चाई
राहुल ने ये बताई नीतीश कुमार के पाला बदलने की वजह
राहुल ने रैली में कहा, "नीतीश जी कहां फंसे? हमने उनसे कहा था कि आपको बिहार में जातिगत जनगणना करवानी होगी, हम छूट नहीं दे सकते। RJD-कांग्रेस ने नीतीश से यह काम दबाव डालकर करवाया, लेकिन भाजपा जातिगत जनगणना नहीं चाहती थी। भाजपा नहीं चाहती कि जनता का ध्यान सामाजिक न्याय पर जाए। नीतीश जी बीच में फंस गए। भाजपा ने उनको निकलने का रास्ता दिया और नीतीश उस रास्ते पर निकल गए। नीतीश की यहां कोई जरूरत नहीं।"
जानकारी
नीतीश ने INDIA का साथ छोड़ भाजपा का हाथ थामा
नीतीश कुमार ने INDIA गठबंधन से अपना नाता तोड़ लिया है। महागठबंधन से साझेदारी के 17 महीने के बाद वह कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) का साथ छोड़कर वापस भाजपा में आ गए। उन्होंने रविवार को 9वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।