पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियों में टक्कर, कई घायल
क्या है खबर?
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियों की उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर टक्कर हो गई, जिसमें कई लोग घायल हुए हैं। घटना में नेता प्रतिपक्ष राहुल सुरक्षित बताए जा रहे हैं। हादसा उस समय हुआ, जब कांग्रेस नेता सुल्तानपुर जा रहे थे। वह सोमवार को सुबह ही दिल्ली से लखनऊ पहुंचे थे। लखनऊ के अमौसी हवाई अड्डा पहुंचने के बाद राहुल सड़क मार्ग से सुल्तानपुर के लिए रवाना हुए थे।
हादसा
अचानक ब्रेक लगाने से हादसा
नवभारत टाइम्स के मुताबिक, हादसा एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर संख्या-91 के पास, धनपतगंज इलाके से गुजरते समय हलियापुर थाना क्षेत्र में हुआ है।
बताया जा रहा है कि नेता का काफिला अपनी रफ्तार में चल रहा था, तभी किसी कारण से अचानक ब्रेक लगाना पड़ा, जिससे वाहन आपस में टकरा गए।
जानकारी सामने आई है कि टक्कर मारने वाली गाड़ियां राहुल की कार के पीछे चल रही थीं। हालांकि, हादसे में उनकी गाड़ी सुरक्षित रही और उनसे कोई वाहन नहीं टकराया।
हादसा
एक वाहन क्षतिग्रस्त
हादसे की चपेट में आकर एक वाहन के क्षतिग्रस्त होने की संभावना है। हालांकि, आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर काफी जाम लग गया था, जो जल्द सामान्य हो गया।
हादसे में मामूली रूप से घायलों को एंबुलेंस से चिकित्सा उपचार के लिए भेजा गया है। राहुल का काफिला भी कोर्ट के लिए रवाना हो चुका है।
अभी तक पुलिस और कांग्रेस ने मामले में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
मामला
किस मामले में सुल्तानपुर जा रहे राहुल?
राहुल को 2018 के एक आपराधिक मानहानि मामले में फैसले के लिए सुल्तानपुर की एक विशेष सांसद-विधायक अदालत के समक्ष पेश होना है।
यह मामला 2018 के कर्नाटक विधानसभा चुनाव से पहले बेंगलुरु में एक रैली से जुड़ा है, जिसमें राहुल ने तत्कालीन भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।
शिकायत स्थानीय भाजपा नेता विजय मिश्रा ने दर्ज कराई है। मामले में राहुल को 2023 में जमानत मिल चुकी है। आज इस पर फैसला आना है।
ट्विटर पोस्ट
हादसे के बाद का वीडियो
राहुल गाँधी का काफिला सुल्तानपुर जाते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर,
— ANIL (@AnilYadavmedia1) October 26, 2026
राहुल गाँधी सुरक्षित हैं,
मोदी जी से लड़ने के लिए, pic.twitter.com/v3rC4NKZfe