आम आदमी पार्टी ने राघव चड्ढा को राज्यसभा में उपनेता पद से हटाया, बोलने पर रोक
क्या है खबर?
आम आदमी पार्टी (AAP) ने राघव चड्ढा को बड़ा झटका दिया है। पार्टी ने चड्ढा को राज्यसभा में पार्टी के उपनेता के पद से हटा दिया है। उनकी जगह अब AAP सांसद अशोक मित्तल उपनेता होंगे। AAP ने राज्यसभा सचिवालय को भी अपने निर्णय का पत्र सौंप दिया है। साथ ही, पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को सूचित किया है कि सांसद चड्ढा को संसद में बोलने के लिए समय आवंटित न किया जाए।
मुद्दे
चड्ढा लगातार उठा रहे थे आम आदमी से जुड़े मुद्दे
पार्टी ने यह फैसला ऐसे समय पर लिया है, जब चड्ढा पिछले काफी समय से आम आदमी से जुड़े मुद्दे संसद में उठा रहे हैं, जिसकी सोशल मीडिया पर काफी तारीफ हो रही है। पिछले दिनों संसद में गिग वर्कर्स के काम के घंटों, शिक्षा, सवैतनिक पितृत्व अवकाश, हवाई अड्डों पर महंगा भोजन, मोबाइल डाटा समेत समेत अन्य मुद्दे उठाने पर उनकी लोकप्रियता बढ़ी है। बता दें, चड्ढा के कांग्रेस में जाने की भी खबरें आ रही हैं।
दूरी
क्या AAP में सबकुछ ठीक है?
राज्यसभा में AAP के 10 सदस्य हैं, जिनमें 7 पंजाब से और 3 दिल्ली से हैं। चड्ढा पंजाब से हैं। पिछले काफी समय से पार्टी के अंदरखाने कुछ ठीक नहीं है। चड्ढा ने दिल्ली चुनाव 2025 में AAP की हार के बाद से खुद को पार्टी के एजेंडे से लगभग दूर कर लिया। वे अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया की रिहाई पर भी चुप रहे। पिछले दिनों पार्टी ने उनको असम के प्रमुख प्रचारकों की सूची से बाहर किया था।