LOADING...
पंजाब के परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने दिया इस्तीफा, जानिए क्या है मामला
पंजाब के परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने इस्तीफा दे दिया है

पंजाब के परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने दिया इस्तीफा, जानिए क्या है मामला

Mar 21, 2026
03:13 pm

क्या है खबर?

पंजाब के परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने शनिवार को पंजाब वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन (PWC) के एक अधिकारी की कथित आत्महत्या के बाद इस्तीफा दे दिया। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, PWC में अधिकारी गगनदीप रंधावा ने ऑनलाइन सामने आए एक वीडियो में मंत्री भुल्लर पर उत्पीड़न का आरोप लगाया था। वीडियो में रंधावा ने कथित तौर पर भुल्लर के डर से आत्महत्या का कदम उठाने का दावा किया और कहा कि वह बच नहीं पाएंगे।

आदेश

मुख्यमंत्री मान ने मुख्य सचिव को दिया जांच के आदेश

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने परिवहन मंत्री भुल्लर से मंत्रिमंडल से इस्तीफा देने को कहा और उनके इस्तीफा देने के बाद उसे तत्काल स्वीकार कर लिया। उन्होंने मुख्य सचिव केएपी सिन्हा को भुल्लर के खिलाफ लगे आरोपों की जांच करने के भी आदेश दिए हैं। मान के प्रवक्ता ने कहा, "मुख्यमंत्री लापरवाही को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करते हैं।" उन्होंने आगे बताया कि जांच जारी है और इस संबंध में पहले ही कार्रवाई की जा चुकी है।

मांग

कांग्रेस ने की भुल्लर की गिरफ्तारी की मांग

विपक्षी दलों ने भुल्लर के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस ने भुल्लर के खिलाफ आपराधिक कार्यवाही और उनकी गिरफ्तारी की मांग की है। उनका आरोप है कि भुल्लर के आवास पर रंधावा पर हमला किया गया और वह अपमान सहन नहीं कर सके। हालांकि, इन आरोपों की अभी पुष्टि नहीं हुई है। जवाब में भुल्लर ने आरोपों को पूरी तरह से निराधार और झूठा बताया है, लेकिन कहा कि उचित जांच होने तक वह इस्तीफा दे देंगे।

Advertisement

संवेदना

मुख्यमंत्री ने रंधावा की मौत पर व्यक्त की संवेदना

ईद से संबंधित कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए मालेरकोटला जा रहे मुख्यमंत्री मान राज्य में कानून व्यवस्था पर मीडिया को संबोधित करने के लिए दोपहर में चंडीगढ़ लौट आए। उन्होंने रंधावा की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया और कहा कि जांच जारी है। उन्होंने आगे कहा, "किसी भी प्रकार का उत्पीड़न, विशेष रूप से इस हद तक कि यह किसी को आत्महत्या के लिए मजबूर कर दे, पूरी तरह से अस्वीकार्य है। दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।"

Advertisement