
पंजाब विधानसभा उपचुनाव: आम आदमी पार्टी के संजीव अरोड़ा जीते, कांग्रेस दूसरे स्थान पर
क्या है खबर?
पंजाब में लुधियाना पश्चिम सीट के लिए हुए विधानसभा उपचुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) के उम्मीदवार संजीव अरोड़ा जीत गए हैं। सभी 14 राउंड की गिनती में अरोड़ा को कुल 35,179 वोट मिले हैं, जबकि दूसरे नंबर पर कांग्रेस के भारत भूषण आशू हैं, जिनको 24,542 वोट मिले हैं। भाजपा के जीवन गुप्ता तीसरे और शिरोमणि अकाली दल के एडवोकेट परुपकर सिंह घुम्मन चौथे स्थान पर हैं। भाजपा को 20,323 और अकाली दल को 8,203 वोट मिले हैं।
सीट
अरोड़ा की जीत के बाद कौन जाएगा राज्यसभा?
लुधियाना पश्चिम की सीट पर AAP विधायक गुरप्रीत सिंह गोगी विधायक थे। उनकी मृत्यु के बाद यह सीट खाली है। यहां AAP ने राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा को उतारा था। AAP ने यह सीट जीत ली है, ऐसे में राज्यसभा की एक सीट खाली हो गई है। ऐसे में AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल या वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया में से एक राज्यसभा जा सकते हैं। अरोड़ा लुधियाना के उद्योगपति हैं और अपने सामाजिक कल्याण कार्यों के लिए जाने जाते हैं।
चुनाव
कांग्रेस 6 बार जीती है सीट
लुधियाना पश्चिम सीट पर जीत दर्ज कर AAP दिखाना चाहती है कि उसकी पकड़ अभी कमजोर नहीं हुई है। वहीं, 6 बार सीट पर अपनी जीत दर्ज करने वाली कांग्रेस ने भारत भूषण को उतारकर एक बार फिर सीट पर कब्जा करने की संभावना जताई है। भारत भूषण यहां से 2 बार विधायक रह चुके हैं। भूषण पंजाब कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष हैं और पूर्व मंत्री रह चुके हैं। इस सीट पर भाजपा और अकाली दल खेल बिगाड़ सकते हैं।