पंजाब सरकार ने राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा की Z+ सुरक्षा वापस ली
क्या है खबर?
आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता और राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को पंजाब सरकार की ओर से मिली Z+ श्रेणी की सुरक्षा वापस ले ली गई है। यह कदम ऐसे समय पर उठाया गया है, जब उनको लेकर पार्टी में विवाद बढ़ रहा है। इससे पहले पार्टी ने चड्ढा को उपनेता पद से भी हटा दिया था। पंजाब सरकार ने उनकी सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों को तुरंत राज्य मुख्यालय में रिपोर्ट करने को कहा है।
सुरक्षा
केंद्र ने फिलहाल के लिए Z श्रेणी की सुरक्षा दी
इंडिया टुडे के मुताबिक, चड्ढा की सुरक्षा पिछले हफ्ते ही वापस ले ली गई थी। इसके बाद उन्हें केंद्र सरकार की ओर से Z श्रेणी की सुरक्षा दी गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, फिलहाल के लिए दिल्ली पुलिस को निर्देश है कि जब तक औपचारिक केंद्रीय सुरक्षा व्यवस्था लागू नहीं हो जाती, तब तक उन्हें सुरक्षा प्रदान की जाए। इस घटना के बाद AAP और चड्ढा के बीच तनाव गहराते दिख रहे हैं।
विवाद
चड्ढा पर प्रधानमंत्री मोदी से डरने का आरोप
2 अप्रैल को AAP ने राज्यसभा सचिवालय को पत्र भेजकर चड्ढा को उपनेता पद से हटाने और पार्टी को आवंटित समय में चड्ढा को बोलने की अनुमति न देने की मांग की थी। पार्टी ने चड्ढा पर आरोप लगाया था कि वह संसद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ बोलने से डर रहे हैं। पार्टी ने चड्ढा की जगह लवली प्रोफेशनल विश्वविद्यालय के मालिक अशोक मित्तल को उपनेता बनाया था। उनके ठिकानों पर आज ED का छापा पड़ा है।