LOADING...
AAP के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल के घर और लवली प्रोफेशनल विश्वविद्यालय में ED का छापा
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल के ठिकानों पर ED का छापा

AAP के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल के घर और लवली प्रोफेशनल विश्वविद्यालय में ED का छापा

लेखन गजेंद्र
Apr 15, 2026
11:04 am

क्या है खबर?

प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने बुधवार को आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल के कई ठिकानों पर छापा मारा है। केंद्रीय एजेंसी के अधिकारियों ने जालंधर कैंट के मॉल रोड स्थित 16 नंबर के उनके आवास पर तलाशी अभियान चलाया है। एक टीम फागवारा स्थित लवली प्रोफेशनल विश्वविद्यालय (LPU) में भी पहुंची है। अशोक मित्तल ने हाल में राघव चड्ढा के स्थान पर राज्यसभा में AAP के उपनेता का पद संभाला है।

जांच

किस मामले में चल रही है जांच?

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, केंद्रीय एजेंसी की जालंधर और चंडीगढ़ की टीम ने 61 वर्षीय अशोक मित्तल से जुड़े व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के तहत जांच कर रही है। उनके ऊपर FEMA के कथित उल्लंघनों का आरोप है। एक अधिकारी ने बताया कि संघीय एजेंसी ने स्थानीय पुलिस से कोई सहायता नहीं मांगी है। विश्वविद्यालय परिसर के साथ समूह के स्वामित्व वाली मिठाई की दुकानों, ठेलों और एक दूरस्थ शिक्षा केंद्र पर छापा पड़ा है।

सांसद

चड्ढा का स्थान लेने के बाद चर्चा में आए मित्तल

अशोक कुमार मित्तल LPU के संस्थापक और कुलाधिपति हैं। वे अपने भाइयों रमेश मित्तल और नरेश मित्तल के साथ विश्वविद्यालय के मालिक हैं। अशोक ने 2022 में सक्रिय राजनीति में प्रवेश किया और उसी वर्ष राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए। कुछ दिन पहले चड्ढा की जगह उपनेता बनने पर अशोक चर्चा में आए हैं। AAP ने राज्यसभा सचिवालय को पत्र लिखकर राघव चड्ढा को उपनेता पद से हटाने और उनको बोलने के लिए समय न देने की मांग की थी।

Advertisement