पंजाब विधानसभा चुनाव 2027: भाजपा ने बनाई 19 सदस्यीय चुनाव समिति, जानिए किन्हें मिली जगह
क्या है खबर?
पंजाब में अगले साल फरवरी या मार्च में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने अपनी तैयारियों को तेज करते हुए 19 सदस्यीय राज्य चुनाव समिति का गठन कर दिया है। इस समिति में 16 मुख्य सदस्य और 3 विशेष आमंत्रित सदस्य शामिल किए गए हैं। इस कमेटी में कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल (SAD) छोड़कर भाजपा में शामिल हुए 7 वरिष्ठ नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। आइए जानते हैं सूची में किन्हें शामिल किया गया है।
समिति
समिति में किन नेताओं को मिली जगह?
इंडिया टीवी न्यूज के मुताबिक, भाजपा ने इस चुनाव समिति में पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल, पूर्व सांसद सुनील जाखड़, पूर्व केंद्रीय मंत्री परनीत कौर, पूर्व सांसद रवनीत सिंह बिट्टू, पूर्व मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी और पूर्व SAD विधायक मनजीत सिंह मन्ना को शामिल किया गया है।
इनमें से 6 नेता पहले कांग्रेस से जुड़े थे, जबकि मनजीत सिंह मन्ना SAD दल छोड़कर भाजपा में आए थे।
जानकारी
भाजपा के मूल और वरिष्ठ नेता भी शामिल
भाजपा से लंबे समय से जुड़े कई वरिष्ठ नेताओं को भी समिति में जगह दी गई है। इनमें तरुण चुघ, अश्विनी शर्मा, अविनाश राय खन्ना, मनोरंजन कालिया, श्वेत मलिक, प्रदेश संगठन महामंत्री श्रीनिवासुलु, विजय सांपला, दिनेश बब्बू और जंगी लाल महाजन शामिल हैं।
नदारद
कैप्टन अमरिंदर सिंह का नाम नदारद
समिति से पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की गैरमौजूदगी सबसे चौंकाने वाली बात रही, जबकि उनकी पत्नी और पूर्व सांसद परनीत कौर को कमेटी में शामिल किया गया है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह फैसला पंजाब भाजपा के भीतर राजनीतिक प्रतिनिधित्व और आगामी चुनावी रणनीति को लेकर नई बहस को जन्म दे सकता है।
इस समिति को भाजपा के 'मिशन 2027' का एक अहम हिस्सा माना जा रहा है।
रिकॉर्ड
पंजाब में भाजपा का पिछला चुनावी रिकॉर्ड
भाजपा पंजाब में कभी भी अपने दम पर सत्ता में नहीं रही है। हालांकि, वह SAD के नेतृत्व वाली सरकार में गठबंधन सहयोगी रही है।
साल 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 73 सीटों पर चुनाव लड़ा था, लेकिन वह केवल 2 सीटें ही जीत सकी थी और उसे महज 6.65 प्रतिशत वोट मिले थे।
नई समिति का पंजाब की राजनीति और भविष्य में भाजपा-SAD गठबंधन की संभावनाओं पर क्या असर पड़ेगा, यह आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा।