Page Loader
रायबरेली में लगे प्रियंका गांधी के समर्थन में पोस्टर, लोकसभा चुनाव में उतारने की मांग
उत्तर प्रदेश के रायबरेली में प्रियंका गांधी के पोस्टर लगे (तस्वीर: एक्स/@Alokpandaynews)

रायबरेली में लगे प्रियंका गांधी के समर्थन में पोस्टर, लोकसभा चुनाव में उतारने की मांग

लेखन गजेंद्र
Mar 06, 2024
12:49 pm

क्या है खबर?

उत्तर प्रदेश की रायबरेली सीट से प्रियंका गांधी को लोकसभा चुनाव में उतारने की मांग जोर पकड़ने लगी है। इससे संबंधित पोस्टर शहर में लगाए गए हैं। बुधवार को शहर में लगे एक पोस्टर में लिखा था, "रायबरेली की यही पुकार, प्रियंका गांधीजी अबकी बार।" यह पोस्टर दिल्ली विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र नेता ऋषभ राघवेंद्र वाजपेयी ने लगाया है। अन्य पोस्टर में लिखा है, "कांग्रेस के विकास कार्यों को आगे बढ़ाएं, रायबरेली बुला रहा है, प्रियंका गांधीजी आएं।"

लोकसभा चुनाव

गांधी परिवार का गढ़ है रायबरेली

रायबरेली गांधी परिवार का गढ़ माना जाता है। यहां से इंदिरा गांधी के पति फिरोज गांधी चुनाव लड़ चुके हैं। इसके बाद इंदिरा गांधी भी यहां से लड़ीं। इंदिरा 1977 के आम चुनाव में यह सीट राज नारायण से हारी थीं। इसी के साथ वह लोकसभा चुनाव हारने वाली पहली प्रधानमंत्री बनीं। पिछले 4 दशक से सोनिया गांधी यहां से चुनाव लड़कर जीत रही हैं। इस बार वह राज्यसभा की सदस्य बनी हैं, जिसके बाद सीट खाली हो गई है।

परिणाम

भाजपा की आंधी में भी रायबरेली में जीती थी कांग्रेस

2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा की आंधी के बावजूद कांग्रेस रायबरेली सीट को बचाने में कामयाब रही थी। 2019 में उत्तर प्रदेश की 80 सीटों में यही एकमात्र सीट थी, जहां कांग्रेस ने जीत दर्ज की। 2019 में भाजपा ने सोनिया गांधी के सामने दिनेश प्रताप सिंह को मैदान में उतारा था, जो 1.60 लाख वोटों से हारे थे। अभी तक न तो कांग्रेस ने और न ही भाजपा ने इस सीट पर उम्मीदवार घोषित किया है।