Page Loader
वायनाड में AQI 35 और दिल्ली में 473, प्रियंका गांधी ने राजधानी को बताया "गैस चैंबर"
प्रियंका गांधी ने दिल्ली में वायु प्रदूषण पर चिंता जताई

वायनाड में AQI 35 और दिल्ली में 473, प्रियंका गांधी ने राजधानी को बताया "गैस चैंबर"

लेखन गजेंद्र
Nov 14, 2024
03:50 pm

क्या है खबर?

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी केरल के वायनाड लोकसभा सीट पर उपचुनाव समाप्त होने के बाद दिल्ली लौट आई हैं। यहां उन्होंने वायु प्रदूषण को लेकर अपना अनुभव साझा किया। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'वायनाड से दिल्ली वापस आना, जहां हवा सुंदर है और AQI 35 है, गैस चैंबर में प्रवेश करने जैसा था। हवा से देखने पर धुंध की चादर और भी चौंकाने वाली लगती है। दिल्ली का प्रदूषण हर साल बदतर होता जा रहा है।'

परेशानी

प्रियंका ने आगे क्या बताया? 

प्रियंका ने आगे लिखा, 'हमें वाकई मिलकर काम करना चाहिए और स्वच्छ हवा के लिए कोई उपाय खोजना चाहिए। यह इस पार्टी या उस पार्टी से परे है, खासकर बच्चों, बुजुर्गों और सांस की समस्याओं वाले लोगों के लिए सांस लेना व्यावहारिक रूप से असंभव है। हमें बस इसके बारे में कुछ करना है।' बता दें, प्रियंका गांधी केरल की वायनाड लोकसभा सीट से उपचुनाव में उतरी हैं। यह सीट राहुल गांधी ने रायबरेली जीतने के बाद खाली की है।

खतरा

दिल्ली का वायु प्रदूषण हुआ 'गंभीर'

दिल्ली में वायु की गुणवत्ता का स्तर 'गंभीर' श्रेणी में पहुंच गया है। यहां के 39 मॉनिटरिंग स्टेशनों में से 32 ने वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) का स्तर 400 से ज़्यादा दर्ज किया है। इसमें आनंद विहार में AQI सबसे अधिक 473 दर्ज किया गया है। इसके अलावा हवाई अड्डा और पटपड़गंज में भी वायु गुणवत्ता 'गंभीर' श्रेणी में रहा है। दिल्ली में गुरुवार को न्यूनतम तामपान भी घटकर 11.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है।