LOADING...
प्रशांत किशोर चुनावी राजनीति में उतरे, बिहार की बांकीपुर सीट से लड़ेंगे उपचुनाव
प्रशांत किशोर बांकीपुर सीट से उपचुनाव लड़ेंगे

प्रशांत किशोर चुनावी राजनीति में उतरे, बिहार की बांकीपुर सीट से लड़ेंगे उपचुनाव

लेखन आबिद खान
Jul 05, 2026
02:56 pm

क्या है खबर?

राजनीति में आने के करीब 3 साल बाद चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर खुद अपनी किस्मत आजमाने जा रहे हैं। वे बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ेंगे। जनसुराज पार्टी ने इसका ऐलान किया है। उम्मीदवार बनाए जाने के बाद प्रशांत ने पार्टी और कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा, "मेरी जिंदगी बिहार की जनता और जन सुराज के लिए है। मैं इस जिम्मेदारी को स्वीकार करता हूं।" उन्होंने मतदाताओं का भी आभार जताया।

मतदान

30 जुलाई को होना है मतदान

बांकीपुर विधानसभा सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के राज्यसभा चुने जाने की वजह से खाली हुई है। यहां 30 जुलाई को मतदान होना है और नतीजे 3 अगस्त को आएंगे। चुनाव आयोग के मुताबिक, उपचुनावों के लिए गजट अधिसूचना 6 जुलाई को जारी की जाएगी। इसके बाद उम्मीदवार 13 जुलाई तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। 16 जुलाई तक उम्मीदवार नाम वापस ले सकेंगे। नतीजे 3 अगस्त को आएंगे।

सीट

बांकीपुर सीट के बारे में जानिए

बांकीपुर सीट भाजपा का गढ़ रही है। पहले इस सीट का नाम पटना पश्चिम था। 1995 से यहां भाजपा का कब्जा रहा है। 2025 के चुनाव में भाजपा के नितिन नवीन को यहां 62.66 प्रतिशत वोट मिले थे। जातीय समीकरण देखें जाए तो यहां कायस्थ मतदाता सबसे ज्यादा 70,000 हैं। इसके बाद वैश्य-बनिया की आबादी 60,000 और राजपूतों की 30,000 के आसपास है। वहीं, ब्राह्मण और भूमिहार इस सीट पर 45,000 के आसपास हैं।

Advertisement