Loading...
सोनिया गांधी के दावे पर भड़कीं प्रणब मुखर्जी की बेटी शर्मिष्ठा, पूछा- महत्वाकांक्षी होना अपराध है?
कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने अपनी किताब में दावा किया है कि पूर्व राष्ट्रपति दिवंगत प्रणब मुखर्जी ने प्रधानमंत्री बनने की इच्छा का संकेत दिया था

सोनिया गांधी के दावे पर भड़कीं प्रणब मुखर्जी की बेटी शर्मिष्ठा, पूछा- महत्वाकांक्षी होना अपराध है?

Nov 10, 2026
09:11 pm

क्या है खबर?

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की आत्मकथा 'बिलोंगिंग: ए जर्नी ऑफ लव' ने राजनीति में एक नया विवाद खड़ा कर दिया है। इस संस्मरण में सोनिया ने साल 2010 की एक घटना का जिक्र करते हुए दावा किया है कि तत्कालीन वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रणब मुखर्जी ने उनके सामने प्रधानमंत्री बनने की इच्छा का परोक्ष संकेत दिया था। इस खुलासे के बाद मुखर्जी की बेटी शर्मिष्ठा मुखर्जी ने इस पर बेहद आक्रामक और बेबाक प्रतिक्रिया दी है।

दावा

सोनिया ने क्या किया है दावा?

सोनिया ने अपनी किताब में लिखा है कि 2010 में प्रणब मुखर्जी ने तत्कालीन वित्त मंत्री पी चिदंबरम से अपने मतभेदों पर हताशा जताई थी।

उन्होंने कहा था कि शायद अब शीर्ष स्तर पर बदलाव का समय आ गया है। इस पर वह तुरंत समझ गईं कि यह प्रधानमंत्री बनने की उनकी पुरानी इच्छा का संकेत था, जिसके बाद उन्होंने शालीनता से विषय बदल दिया।

उन्होंने लिखा कि मुखर्जी ने इस वाकये को उन्होंने कभी अपने दिल में नहीं रखा।

पलटवार

शर्मिष्ठा ने किया तीखा पलटवार

सोनिया के इन दावों को खारिज करते हुए शर्मिष्ठा ने कहा, "इसमें 'हैरान' होने जैसी क्या बात है? क्या महत्वाकांक्षी होना कोई अपराध है, विशेषकर तब जब वह महत्वाकांक्षा राजनीति और शासन में दशकों के लंबे अनुभव, कड़ी मेहनत और एक असाधारण बुद्धिमान दिमाग पर टिकी हो? मेरे पिता एक बेहद साधारण पृष्ठभूमि से आए थे। उन्होंने अपने जीवन में जो कुछ भी हासिल किया, वह विशुद्ध रूप से अपनी योग्यता और अथक परिश्रम के बल पर किया था।"

ADVERTISEMENT

योग्यता

शर्मिष्ठा ने अपनी पिता की योग्यता पर दिया जोर

शर्मिष्ठा ने कहा, "उन्हें प्रधानमंत्री पद सहित कोई भी पद किसी 'वंशवादी विशेषाधिकार' के कारण थाली में परोसकर नहीं दिया गया था अगर कोई बेहद योग्य व्यक्ति प्रधानमंत्री बनने की इच्छा रखता है, तो उसमें गलत क्या है? जब तक कि सोनिया जी इस बात से 'हैरान' न हुई हों कि गांधी-नेहरू परिवार से बाहर का कोई व्यक्ति ऐसी महत्वाकांक्षा पालने की हिम्मत कैसे कर सकता है और उनके सामने इसका 'संकेत' देने का दुस्साहस कैसे कर सकता है!"

ADVERTISEMENT

शिकायत

पिता के मन में कोई शिकायत नहीं थी- शर्मिष्ठा

शर्मिष्ठा ने अपने पिता की निजी डायरियों और उनके साथ हुई बातचीत पर कहा, "सोनिया जी ने जो कहा कि मेरे पिता ने कभी इस बात का मलाल नहीं रखा, मैं उनकी डायरियों और उनके साथ हुई बातचीत के आधार पर सोनिया जी को आश्वस्त करना चाहती हूं कि उनके मन में सोनिया या किसी अन्य के प्रति कोई दुर्भावना या शिकायत नहीं थी। वे बेहद व्यावहारिक व्यक्ति थे और वे इंसानी स्वभाव की असुरक्षाओं को अच्छी तरह समझते थे।"

महत्वाकांक्षा

मुखर्जी ने महात्वाकांक्षा पर कही थी अहम बात

शर्मिष्ठा ने याद किया कि जब उन्होंने एक बार अपने पिता से उनके प्रधानमंत्री बनने की इच्छा के बारे में पूछा था, तो उन्होंने कहा था कि कोई भी सच्चा राजनेता इस पद की महत्वाकांक्षा जरूर रखता है।"

मुखर्जी ने 2012 से 2017 तक भारत के 13वें राष्ट्रपति के रूप में देश की सेवा की। इससे पहले वे कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकारों में रक्षा, विदेश और वित्त जैसे देश के सबसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाल चुके थे।

ADVERTISEMENT