प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्ष को घेरा, कहा- खाड़ी में तनाव के बीच आराजकता फैलाने की योजना
क्या है खबर?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात के बनासकांठा में विपक्ष को निशाने पर लिया और उन पर देश में आराजकता फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि जब खाड़ी देशों में तनाव चल रहा था, तब विपक्ष ने खाद और गैस की कमी की अफवाह फैलाने की कोशिश की थी। प्रधानमंत्री ने कहा कि विपक्ष का मकसद घबराहट पैदा करना और मौजूदा केंद्र सरकार को बदनाम करना है।
आरोप
क्या बोले मोदी?
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "आज, हर युवा विकसित देश बनाने के लिए काम कर रहे हैं। लेकिन कुछ लोगों को यह पसंद नहीं है। ये वो लोग हैं जो देश को मुश्किल में देखना चाहते हैं। देश मुश्किल में देखकर उन्हें खुशी होती है। जब खाड़ी में तनाव के कारण देश एकसाथ अनिश्चितताओं का सामना कर रहा है, तो वे खाद और गैस की कमी की अफवाहें फैलाते हैं। वे सिर्फ मोदी को बदनाम करना चाहते थे।"
आरोप
किसानों को गुमराह किया गया- मोदी
मोदी ने कहा, "किसानों को खाद की उपलब्धता को लेकर भी गुमराह किया गया और डराया गया। उनकी योजना देश में अफरा-तफरी मचाना था ताकि वे मोदी को बदनाम कर सकें।"
उन्होंने दोहराया कि सरकार ने दुनिया भर में फैली अनिश्चितता के बीच किसानों को बढ़ती खाद की कीमतों के असर से बचाया है और इस बढ़ती कीमत का बोझ किसानों पर नहीं पड़ने दिया।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने किसानों को हमेशा मजबूत बनाने की प्राथमिकता दी है।
परियोजना
14,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास
प्रधानमंत्री मोदी ने बनासकांठा में 14,000 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और लोकार्पण किया, जिसमें भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर (BBBRC), बायो-CNG के 2 संयंत्र, सड़क परियोजनाएं शामिल हैं।
उन्होंने देशभर के किसानों को निरंतर वित्तीय सहायता प्रदान करते हुए 19,000 करोड़ रुपये की प्रधानमंत्री-किसान की 24वीं किस्त जारी की।
उन्होंने रेल संपर्क को मजबूत करने के लिए अहमदाबाद (साबरमती)-वाराणसी एक्सप्रेस और मेहसाणा-बेचराजी-साबरमती मेमू ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी भी दिखाई।
ट्विटर पोस्ट
प्रधानमंत्री मोदी की जनसभा
LIVE: PM Shri @narendramodi lays foundation stone, inaugurates multiple development projects in Banaskantha, Gujarat. https://t.co/nVG88w3w7x
— BJP (@BJP4India) October 30, 2026