प्रधानमंत्री मोदी ने संविधान दिवस पर कांग्रेस को घेरा; सत्ता का भूखा बताया, अनुच्छेद-370 याद किया
क्या है खबर?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को संविधान दिवस के मौके पर कांग्रेस को घेरा और उसकी सरकारों को संविधान विरोधी और सत्ता का भूखा बताया। उन्होंने इंडियन एक्सप्रेस में लिखे लेख में संविधान में किए गए बदलावों, अनुच्छेद-370 और अनुच्छेद-35A के पुराने प्रावधानों को याद किया। उन्होंने लिखा कि पिछले 10 साल के कार्यकाल में उनकी सरकार ने कर्तव्य, यानी एक-एक नागरिक के कर्तव्यों पर खास जोर दिया, जबकि इतिहास में कई मौके आए, जब संविधान को कमजोर किया गया।
लेख
संविधान को कमजोर किया गया- मोदी
मोदी ने लिखा, "हमारे इतिहास में ऐसे मौके आए, जब संविधान को बनाए रखने की जिम्मेदारी जिन पर थी, उन्होंने इसे कमजोर करने का फैसला किया। ये वही लोग हैं जिन्हें 5 दशकों तक भारत पर राज करने का मौका मिला।"
उन्होंने लिखा, "इस साल 1951 के पहले संशोधन को 75 साल हो रहे हैं, जब ऐसी सरकार जिसे आम लोगों ने नहीं चुना था, उसने प्रोविजनल पार्लियामेंट में अपने बहुमत का इस्तेमाल करके मौलिक स्वतंत्रता पर रोक लगाई थी।"
लेख
युवा पढ़े 38वां और 39वां संशोधन- मोदी
उन्होंने लिखा, "मैं युवाओं से निवेदन करूंगा कि वे 38वें और 39वें संशोधन को पढ़ें ताकि उन्हें पता चल सके कि सत्ता का भूखा और संविधान विरोधी नेतृत्व क्या कर सकता है।"
उन्होंने लिखा कि चुनी हुई राज्य सरकारों को हटाने के लिए अनुच्छेद-356 का बार-बार गलत इस्तेमाल एक और परेशान करने वाला अध्याय है, एक पार्टी का अनुच्छेद-356 को लगभग 100 बार लगाने का खराब रिकॉर्ड है और एक पूर्व प्रधानमंत्री ने इस मामले में अर्धशतक बनाया है।
निशाना
अनुच्छेद-370 पर क्या बोले मोदी?
मोदी ने लिखा, "संविधान बनाने वालों को उम्मीद थी कि इसे पूरे भारत में पूरी तरह लागू किया जाएगा। लेकिन, 70 से अधिक सालों तक, अनुच्छेद-370 और 35A ने जम्मू-कश्मीर में पूरा संविधान लागू नहीं होने दिया। अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ा वर्ग समुदायों और महिलाओं के अधिकारों को कुचला गया।"
उन्होंने लिखा कि 2019 में ही इस ऐतिहासिक गलती को ठीक किया गया।
उन्होंने लिखा कि विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी OBC आरक्षण कम करके मुस्लिम आरक्षण लाना चाहती है।
निशाना
अब हमारे पास केवल दिमागी नक्सल बचे- मोदी
उन्होंने लिखा कि इस साल नक्सलवाद का सफल खात्मा दिल को छू लेने वाला है क्योंकि इससे पक्का हुआ कि सबसे गरीब लोग बिना किसी डर के अपने संवैधानिक अधिकारों का इस्तेमाल कर सकते हैं।
मोदी ने लिखा कि अब, हमारे पास सिर्फ 'दिमागी नक्सल' बचे हैं, जो हमारे समय की असलियत से काफी दूर हैं, लेकिन हमारी तरक्की की राह को पटरी से उतारने की अपनी कोशिशों में लगे हुए हैं।