पश्चिम बंगाल में प्रधानमंत्री मोदी बोले- झालमुड़ी मैंने खाई और मिर्ची TMC को लगी
क्या है खबर?
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के तहत गुरुवार को मतदान हो रहा है। इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कृष्णानगर में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने झालमुड़ी खरीदकर खाने वाले वाकये को याद करके कहा कि भले ही झालमुड़ी उन्होंने खाई थी, लेकिन मिर्ची तृणमूल कांग्रेस (TMC) को लगी है। उन्होंने कहा कि इस बार बंगाल में चुनावी जश्न के दौरान मिठाई के साथ झालमुड़ी भी बांटी जाएगी।
जनसभा
मिठाई के साथ बंटेगी झालमुड़ी- मोदी
प्रधानमंत्री मोदी बोले, "पिछले दिनों केरलम, पुडुचेरी और असम में प्रचंड मतदान हुआ है और जहां-जहां ज्यादा मतदान हुआ है, वहां-वहां भाजपा को फायदा पहुंचा है। 4 मई को बंगाल में भी भाजपा की विजय का जश्न होगा। कमल खिलना तय है। मिठाई भी बंटेगी और झालमुड़ी भी बांटी जाएगी।" उन्होंने आगे कहा, "मैंने सुना है कि झालमुड़ी ने कुछ लोगों को झन्नाटेदार झटका दिया है। झालमुड़ी मैंने खाई और झाल (मिर्च) TMC को लगी है।"
ट्विटर पोस्ट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण का अंश
#WATCH | Nadia, West Bengal: Prime Minister Narendra Modi says, "...We have observed in the past that wherever the country has witnessed a massive voter turnout, the BJP has achieved a resounding victory... On May 4th, the victory celebrations for the BJP will take place in… pic.twitter.com/5DsmhA5eFB
— ANI (@ANI) April 23, 2026
घटना
क्या है झालमुड़ी वाकया?
प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले दिनों बंगाल चुनाव के प्रचार के दौरान झाड़ग्राम में सड़क किनारे स्टॉल पर रुककर अचानक झालमुड़ी खाई थी। चावल को भूनकर बनाए गए मुरमुरे को नमकीन और प्याज-मिर्च के साथ झालमुड़ी बनाते हैं, जो बंगाल समेत अन्य प्रदेशों में खाया जाने वाला पसंदीदा स्नैक है। इसे अलग-अलग नाम से जानते हैं। TMC ने इस वाकये को प्रधानमंत्री का पूर्वनियोजित नाटक बताया, जबकि भाजपा ने इसे एक छोटे दुकानदार के प्रति प्रधानमंत्री की सहजता बताई है।