प्रधानमंत्री मोदी ने डीजल कीमतों की बढ़ोतरी पर कहा- सरकार ने 43 रुपये खुद वहन किए
क्या है खबर?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम एशिया में तनाव के दौरान बढ़ी ईंधन की कीमतों पर अपनी सफाई दी है। उन्होंने इंडिया टुडे के कृषि कॉन्फ्रेंस में कहा कि जब दुनियाभर में कच्चे तेल की कीमतें बढ़ रही थीं, तब सरकार ने किसानों और ग्राहकों को इसके असर से बचाने के लिए कीमतें ज्यादा नहीं बढ़ाई। उन्होंने कहा कि डीजल की कीमत में 50 रुपये की बढ़ोतरी होनी थी, लेकिन सिर्फ 7 रुपये बढ़ाए और सरकार ने 43 रुपये वहन किया।
सफाई
कच्चे तेल की कीमतें भी बढ़ीं
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि संघर्ष के दौरान कुछ ही हफ्तों में अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतें 70 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर 122 डॉलर प्रति बैरल हो गईं।
उन्होंने कहा, "भारत भी एक बड़ी चुनौती का सामना कर रहा था। देश को डीजल की कीमतें 50 रुपये प्रति लीटर बढ़ाने के लिए मजबूर होना पड़ा। हालांकि, सरकार ने फैसला किया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार के झटकों का पूरा बोझ देश के नागरिकों और किसानों पर नहीं डाला जाएगा।"
दावा
सरकार 14,000 करोड़ रुपये का बोझ उठा रही है- मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने दावा किया कि सरकार ग्राहकों और किसानों को ईंधन की बढ़ती कीमतों से बचाने के लिए हर महीने 14,000 करोड़ रुपये का वित्तीय बोझ उठा रही है।
उन्होंने कहा कि इसी दौरान पड़ोसी देशों में डीजल की कीमतें 40-50 प्रतिशत बढ़ गईं, जबकि भारत ने बढ़ोतरी को सीमित रखा।
मोदी ने कहा कि सरकार ने पिछले 12 सालों में किसानों को सस्ती कीमतों पर खाद दिलाने के लिए 16 लाख करोड़ रुपये खर्च किए हैं।