प्रधानमंत्री मोदी का कांग्रेस पर हमला, कहा- AI सम्मेलन को बनाया गंदी राजनीति का अखाड़ा
क्या है खबर?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (22 फरवरी) को मेरठ मेट्रो और नमो भारत रैपिड रेल को हरी झंडी दिखाई। इस दौरान उन्होंने एक जनसभा को संबोधित करते हुए दिल्ली के भारत मंडपम में चल रहे इंडिया AI इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन 2026 में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा अर्धनग्न होकर किए गए प्रदर्शन लेकर कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने यह प्रदर्शन करते हुए AI समिट जैसे वैश्विक सम्मेलन को गंदी राजनीति का अखाड़ा बना दिया।
आरोप
विपक्षी नेता व्यक्तिगत दुश्मनी से हैं प्रेरित- मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने आरोप लगाया, "विपक्षी नेता राजनीतिक मतभेद के बजाय व्यक्तिगत दुश्मनी से प्रेरित हैं। एक तरफ देशवासी भारत को विकसित बनाने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं, लेकिन देश में ही कुछ राजनीतिक दल भारत की सफलता को पचा नहीं पा रहे हैं।" उन्होंने आगे कहा, "कांग्रेस नेता मोदी से नफरत करते हैं। वो मेरी कब्र खोदना चाहते हैं। वे मेरी मां का अपमान करने से भी नहीं हिचकिचाते हैं। यह उनका व्यवहार बन गया है।"
बयान
"AI शिखर सम्मेलन राष्ट्रीय कार्य था, भाजपा का कार्यक्रम नहीं"
प्रधानमंत्री मोदी ने जोर देकर कहा, "AI शिखर सम्मेलन एक राष्ट्रीय पहल थी और किसी भी राजनीतिक दल से इसका कोई संबंध नहीं था। कांग्रेस को याद रखना चाहिए था कि AI वैश्विक सम्मेलन भाजपा का कार्यक्रम नहीं था और उस समय कोई भी भाजपा नेता उपस्थित नहीं था।" उन्होंने कहा, "AI वैश्विक सम्मेलन एक राष्ट्रीय कार्य था, लेकिन कांग्रेस और इसके इकोसिस्टम ने भारत के एक वैश्विक आयोजन को अपनी नंगी और गंदी राजनीति का अखाड़ा बनाकर रख दिया।"
हमला
प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर बोला बड़ा हमला
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "विदेशी अतिथियों के सामने कांग्रेस के नेता कपड़े उतार कर पहुंच गए। मैं कांग्रेस वालों से पूछता हूं कि देश तो जानता है कि आप पहले से ही नंगे हो, फिर कपड़े उतारने की जरूरत क्या पड़ी।" उन्होंने कहा, "कांग्रेस ने सारी मर्यादाएं तोड़ दी। आज पूरे देश में कांग्रेस की इस रीति-नीति पर थू-थू हो रही है, लेकिन दुर्भाग्य देखिए, इतनी पुरानी पार्टी के नेता लाजने के बजाय बेशर्मी के साथ गरज रहे हैं।"
प्रदर्शन
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कैसे किया था प्रदर्शन?
शुक्रवार को युवा कांग्रेस के लगभग 10 कार्यकर्ताओं ने भारत मंडपम में चल रहे AI इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन में घुसकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारे लगाते हुए अर्धनग्न विरोध प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीरों के साथ बनी टी-शर्ट पर 'प्रधानमंत्री भ्रष्ट हैं', 'भारत-अमेरिका व्यापार समझौता' 'प्रधानमंत्री समझौता कर चुके हैं' और 'एपस्टीन फाइल्स' जैसे संदेश लिखे थे। बाद में पुलिस ने 4 लोगों को हिरासत लेकर FIR दर्ज की थी।